बिहार में क्रिकेट खेलना था अपराध, पिता और भाई की मौत से बाद बदल गई जिंदगी; संघर्ष के दिनों को यादकर भावुक हुए आकाश दीप
नई दिल्ली। बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप का इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी तीन टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। टीम में सेलेक्शन होने के बाद आकाश दीप ने अपने जीवन की वो घटना बताई जिससे उनका जीवन पूरी तरह से बदल गया। आकाश दीप ने कहा कि छह महीने के भीतर अपने परिवार के दो सदस्यों को खोने से उनका जीवन बदल गया और उन्हें क्रिकेट पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बंगाल के लिए खेलने वाले 27 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश दीप को उनके घरेलू प्रदर्शन का इनाम भारतीय टेस्ट टीम में जगह देकर मिला है। 29 प्रथम श्रेणी मैचों में, उन्होंने 23.18 की औसत से 103 विकेट लिए हैं। उन्होंने पिछले महीने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों में भी प्रभावित किया और 11 विकेट लिए।
पिता चाहते थे सरकारी नौकरी करूं'
हालांकि, आकाश दीप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने की यात्रा में काफी संघर्ष रहा है। वह बिहार से हैं, जहां क्रिकेट का कोई समृद्ध इतिहास नहीं है। आकाश दीप के पिता चाहते थे कि वह बिहार पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा में बैठें या कम से कम राज्य सरकार के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नौकरी करें। हालांकि, कुछ महीनों के अंतराल में उनके परिवार में दो मौतों ने क्रिकेटर के जीवन को हमेशा के लिए बदल दिया।