तंबाकू का सेवन नहीं करने की ली शपथ
सीकर । तम्बाकू मुक्त युवा कैम्पेन के तहत 60 दिवसीय कार्य योजना की क्रियान्विति को लेकर चिकित्सा विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। विभाग की ओर से कार्य योजना के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को तम्बाकू के नुकसान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। राज्य सरकार की निरोगी राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने के लिए तम्बाकू मुक्त युवा कैम्पेन की कार्य योजना बनाकर विभाग की ओर से युवाओं में नशे की लत छुडाने के लिए उन्हे जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गांवों व कस्बों में जनजागरूकता प्रसारित की जा रही है।कैम्पने के तहत के तहत 31 जुलाई तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत बुधवार 19 जुलाई को जिलेभर के समस्त सरकारी व निजी विद्यालयों में एक साथ विद्यार्थियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। शपथ के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जो गांवों व कस्बों व शहरों के मुख्य मार्गों से गुजरी। रैली में विद्यार्थी तम्बाकू सेवन से होने वाले नुकसान से संबंधित नारे लगाते हुए चल रहे थे। सुबह प्रार्थना सभा में स्वास्थ्य कर्मियों व शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बीडी, सिगरेट, खैनी, जर्दा आदि का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई और इसके बाद जनजागरूकता रैली निकाली।