पुलिस ने 11 शराब माफिया सहित 15 को दबोचा
धौलपुर। एसपी मनोज कुमार के निर्देश पर पिछले 24 घंटे में पुलिस ने अवैध कारोबारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर 15 लोगों को धर दबोचा है। विधानसभा चुनाव, नवरात्रि और दशहरा सहित अन्य आगामी त्योहारों पर कानून व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एसपी के निर्देश पर पुलिस ने जिन 15 लोगों को हिरासत में लिया है उनमें 11 शराब माफिया, दो जुआरी और दो लोग अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए हैं। नवरात्रि और दशहरा के दौरान सावधानी बरतने के लिए की गई 6 थानों की पुलिस टीम ने 13 अलग-अलग जगह पर कार्रवाई की। जिनमें 10 जगह से पुलिस ने 1497 अवैध शराब के क्वार्टर के साथ 11 लोगों को हिरासत में लिया है। इनके अलावा एक जुए के अड्डे पर छापा डालकर दो लोगों को 1064 रुपए की जुआ राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो अलग-अलग जगह कार्रवाई कर पुलिस में अवैध धारदार चाकू के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान सैंपऊ थाना पुलिस ने जुआ एक्ट में कार्रवाई करने के साथ अवैध शराब के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर 123 शराब के क्वार्टर जब्त किए हैं। सरमथुरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के 816 क्वार्टर के साथ दो माफिया को हिरासत में लिया है। अवैध शराब के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर बसेड़ी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग जगह से दो लोगों को हिरासत में लेकर 192 शराब के क्वार्टर जब्त किए हैं। बसेड़ी के साथ ही दिहौली थाना पुलिस ने भी दो अलग-अलग जगह कार्रवाई कर 99 शराब के क्वार्टर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दिहौली पुलिस ने दो अलग-अलग जगह से दो लोगों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। अवैध शराब के खिलाफ की गई कार्रवाई में सदर थाना पुलिस ने दो जगह से 120 शराब के क्वार्टर के साथ दो आरोपी और कोतवाली थाना पुलिस ने 62 शराब के क्वार्टर के साथ शराब बेचने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ पुलिस ने आबकारी एक्ट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।