सूरतगढ़ में पुलिस के हत्थे चढ़े बीकानेर के तीन हथियार सप्लायर
बीकानेर । रैंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के आव्हान पर हथियार तस्करों के खिलाफ चलाये गये अभियान के तहत रेंज की सूरतगढ़ सिटी पुलिस ने मंगलवार की रात बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन हथियार सप्लायरों को धर दबोचा। गिरफ्त में आये तीनों सप्लायर बीकानेर जिले के रहने वाले है । पुलिस ने इनके कब्जे से तीन देशी कट्ठे बरामद किय है। सीआई सूरतगढ़ सिटी कृष्ण कुमार ने बताया कि एसपी आनंद शर्मा के निर्देश पर थाना पुलिस की टीम ने सूरतगढ़ शहर में टैगोर कॉलेज के पास हुई फायरिंग की वारदात के अपराधियों के पीछे लगी पुलिस टीम ने इलाके में दो संदिग्ध युवको को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली तो दोनों के पास देशी कट्टे बरामद हो गये। पकड़े गये आरोपियों में अर्जुनसर निवासी पंकज शर्मा पुत्र चंद्रभान और गांव कपूरीसर निवासी रामचंद्र पुत्र इंन्द्राज स्वामी है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इनका एक ओर साथी कपूरीसर निवासी नवरतन गोदारा पुत्र महेन्द्र गोदारा भी सूरतगढ़ आया हुआ है। जिसे पुलिस ने वार्ड नंबर चार में दबिश देकर दबोचा और उसके कब्जे से देशी कट्टा बरामद कर लिया। सीआई कृष्ण कुमार ने बताया कि तीनों अपराधी मध्य प्रदेश से खरीद कर लाये हथियार बेचने के लिये सूरतगढ़ से आये थे । थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस तीनों अपराधिक कुण्डली खंगाल कर यह पता लगाने में जुटी है कि इनके तार किसी हथियार सप्लाई गिरोह से तो नहीं जुड़े है।
इस टीम को मिली सफलता
हथियार सप्लायरों को दबोचने के लिये सीआई कृष्ण कुमार की अगुवाई में गठित पुलिस टीम में एसआई मोटाराम,एएसआई ताराचंद, हैड कांस्टेबल दुर्गादत्त, कांस्टेबल ओमप्रकाश हुड्डा,रणजीत, दौलतराम और रमेश कुमार शामिल थे।