सोने का गुर्जा पुलिस ने 25 हजार रुपए का ईनामी बदमाश दबोचा
धौलपुर। सोने का गुर्जा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर क्यूआरटी टीम के सहयोग से कार्रवाई करते हुए डांग के महुआ की झोर के पास स्थित हनुमान मंदिर से एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आया बदमाश करौली जिले के मडराल थाने से वांटेड है। जिस पर एसपी करौली द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित है। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक 315 बोर का कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं। ऐसे में सोने का गुर्जा पुलिस आरोपी बदमाश के खिलाफ आर्म एक्ट में कार्रवाई कर रही है और बदमाश की गिरफ्तारी को लेकर करौली पुलिस को सूचना दी गई है।
सोने का गुर्जा थानाधिकारी भीम सिंह ने बताया कि सोमवार को दिन में करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक बदमाश डांग में महुआ की झोर के पास हनुमान मंदिर पर बैठा हुआ है। जिस पर अवैध हथियार भी है। ऐसे में पुलिस ने पैदल गश्त करते हुए बाड़ी से क्यूआरटी टीम प्रभारी नरेंद्र कुमार और जवानों के साथ मौके पर बुलाया और जब बदमाश की तलाश की तो बदमाश पुलिस को देखते ही भागने लगा। इस पर टीम में शामिल कांस्टेबल रणवीर ओमवीर और अन्य ने भागते हुए बदमाश को दबोच लिया। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध 315 बोर का कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ में आरोपी बदमाश देशराज पुत्र सूबे गुर्जर निवासी महुआ की झोर थाना सोने का गुर्जा 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश निकला। जो करौली जिले के मडरायल थाने से वांटेड है और एसपी करौली द्वारा इनाम घोषित है। ऐसे में बदमाश देशराज गुर्जर के खिलाफ थाने पर आर्म एक्ट 3/25 में मामला दर्ज करते हुए करौली पुलिस को सूचना दी है। पुलिस की कार्रवाई में क्यूआरटी टीम के हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल ओमवीर, रणवीर, दशरथ, गिर्राज, संदीप के साथ थाने के कांस्टेबल हल्केराम, कुलदीप और देवेंद्र का विशेष सहयोग रहा।