लॉरेंस गैंग की धमकी से खौफजदा फाइनेंसर के घर पुलिस का डेरा
पुलिस कॉल के आधार पर पड़ताल में जुटी
गजसिंहपुर . गजसिंहपुर में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य रितिक बॉक्सर की तरफ से व्हाट्सएप वर्चुअल कॉल के जरिए फाइनेंसर से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस ने फाइनेंसर मोहन सिंह उर्फ मोणी मक्कड़ के निवास पर हथियारों से लेस पुलिस के जवान तैनात कर दिए है। गौरतलब है की वर्चुअल कॉल के द्वारा फाइनेंसर से 60 लाख की फिरौती की मांग की जा रही है,और रकम न देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी जा रही है। कॉल करने वाला खुद को रितिक बॉक्सर बता रहा है। जानकारी के मुताबिक गजसिंहपुर के वार्ड संख्या 12 निवासी फाइनेंसर मोहन सिंह उर्फ मोणी मक्कड़ के द्वारा थाने में लिखित रिपोर्ट देने के बाद पुलिस ने गैंगस्टर रितिक बॉक्सर के खिलाफ 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज़ होते ही सुरक्षा के लिहाज से फाइनेंसर के निवास पर हथियारों से लेस जवान तैनात कर दिए जो 24 घण्टे क्रमवार तैनात रहेंगे। थाना प्रभारी सुरेश मजोका ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से कॉल करने वाले तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।