Dark Mode
बुल्गारिया में सियासी भूचाल, राष्ट्रपति रुमेन रादेव ने दिया इस्तीफा

बुल्गारिया में सियासी भूचाल, राष्ट्रपति रुमेन रादेव ने दिया इस्तीफा

सोफिया। बुल्गारिया के राष्ट्रपति रुमेन रादेव ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उनके इस फैसले के बाद देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आगामी संसदीय चुनावों से पहले अपनी नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं। राष्ट्रपति रादेव ने अपने संबोधन में कहा कि वह मंगलवार को संवैधानिक न्यायालय में अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इस्तीफा स्वीकार होने की स्थिति में उपराष्ट्रपति इलियाना इओतोवा कार्यवाहक राष्ट्रपति की भूमिका निभाएंगी, जबकि नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव कराए जाने की संभावना है। रादेव का कार्यकाल औपचारिक रूप से जनवरी 2027 तक था।

रादेव वर्ष 2016 में पहली बार और 2021 में दूसरी बार राष्ट्रपति चुने गए थे। वह बुल्गारिया के यूरो अपनाने के फैसले को लेकर पहले भी संदेह जता चुके हैं और यूक्रेन युद्ध को लेकर उनके रुख को रूस के प्रति नरम माना जाता रहा है। हाल के वर्षों में उनके राजनीतिक इरादे और अधिक स्पष्ट होते दिखे हैं, जिससे नई पार्टी के गठन की चर्चा को बल मिला है।

रादेव का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब बुल्गारिया गंभीर राजनीतिक अस्थिरता से गुजर रहा है। देश चार वर्षों में आठवें संसदीय चुनाव की ओर बढ़ रहा है। खंडित संसद के कारण कोई भी दल स्थायी सरकार बनाने में सफल नहीं हो पाया है। दिसंबर में भ्रष्टाचार और नए बजट के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद पिछली गठबंधन सरकार को इस्तीफा देना पड़ा था।

पूर्व वायुसेना कमांडर रहे रादेव अब तक कई बार अंतरिम सरकारों की नियुक्ति कर चुके हैं, जिससे उनका राजनीतिक प्रभाव बढ़ा है। विश्लेषकों का मानना है कि यही अनुभव उनके अगले राजनीतिक कदम की नींव बन सकता है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!