उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की तिथि 28 फरवरी तक बढ़ाई
धौलपुर। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आवेदन एवं संबंधित प्रक्रियाओं की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 फरवरी कर दी गई है। इसके तहत शिक्षण संस्थाओं के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल को पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह जांगल ने बताया कि उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से संबंधित शिक्षण संस्थाओं के लिए पोर्टल पर पंजीयन/नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर सहित अन्य आवश्यक सूचनाएं अद्यतन करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने समस्त शिक्षण संस्थाओं से आग्रह किया कि वे अपनी संस्था से संबंधित सभी सूचनाएं एवं दस्तावेज निर्धारित स्थान एवं निर्देशानुसार समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। सूचना सबमिट करने से पूर्व विशेष रूप से यह जांच लें कि सभी विवरण पूर्ण, सही एवं त्रुटिरहित भरे गए हों तथा आवश्यक दस्तावेज एवं फीस संबंधी जानकारी भी सही रूप में दर्ज की गई हो, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। यह कार्य 28 फरवरी तक किया जा सकेगा। इसके साथ ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 28 फरवरी कर दी गई है। इनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विशेष समूह योजना (पूर्व में विशेष पिछड़ा वर्ग), अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, विमुक्त सहित अन्य छात्रवृत्ति योजनाएं शामिल हैं। पूर्व में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 28 फरवरी कर दिया गया है। विद्यार्थी एसएसओ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, वहीं शिक्षण संस्थाएं भी अपनी संबंधित सूचनाएं पोर्टल पर 28 फरवरी तक अद्यतन कर सकेंगी।