Dark Mode
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों समीक्षा बैठक

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों समीक्षा बैठक

सभी प्रकोष्ठ प्रभारी चुनाव दायित्वों की तैयारियां समय पर करें-जिला निर्वाचन अधिकारी

कोटा । जिला निर्वाचन अधिकारी ओपी बुनकर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए सभी प्रकोष्ठ अभी से तैयारी शुरू करते हुए चुनाव आयोग द्वारा जारी कैलेण्डर की तिथि अनुसार समय पर कार्य पूरा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठित प्रकोष्ठों के दायित्वों एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा दिशा निर्देशों के अनुरूप सभी प्रकोष्ठ निर्धारित तिथियों के अनुसार कार्य शुरू करें। प्रकोष्ठों में नियुक्त किए जाने वाले कार्मिकों की सूची बनाकर जिला कार्यालय को प्रेषित करें। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों में चुनाव आयोग के दायित्वों नवीन दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को कार्यक्रम बनाकर दक्ष प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रकोष्ठ आवश्यक सामग्री, उपलब्ध संसाधन एवं भविष्य की आवश्यकताओं का अभी से आकलन कर जिला कार्यालय को भिजवाना सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में सभी मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा मापदण्ड, आवश्यक संसाधनों का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना के साथ प्रकोष्ठों को दिए गए दायित्वों का आपसी समन्वय व संवाद रखते हुए समय पर पूरा करें। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार महिला कार्मिकों की शत्-प्रतिशत नियुक्ति के साथ बनाए जाने वाले पिंक बूथ की तैयारियां तथा प्रत्येक विधानसभावार मॉडल मतदान केन्द्र के लिए स्थान चिन्हित कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार प्रत्येक विधानसभावार दो दिव्यांग बूथ भी होंगे तथा सभी बूथों को दिव्यांग फ्रेंडली भी बनाया जाएगा जिससे दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक आसानी से मतदान कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव आयोग के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों एवं 80 से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं को बैलेट पेपर से मतदान की सुविधा को देखते हुए मतदान केन्द्रवार दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ मतदाताओं को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग, वीडियोग्राफी, चुनाव आयोग के विभिन्न एप की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यातायात प्रकोष्ठ, आचार संहिता पालना, ईवीएम प्रकोष्ठ, मतदान दल गठन प्रशिक्षण, मीडिया प्रकोष्ठ सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को कार्ययोजना बनाकर समय पर कार्य करने के निर्देश दिए।
स्वीप पर रहेगा जोर-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की गतिविधियां निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभावार एक-एक जागरूकता रथ संचालित करने, प्रत्येक आयोजन में मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अद्यतन करवाने की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में कम मतदान वाले बूथों का चयन कर ऐसे क्षेत्रों में लोक कलाकारों के माध्यम से विशेष आयोजन किए जाएं। ईवीएम की कार्यप्रणाली एवं चुनाव आयोग के मोबाइल एप्लीकेशनों के बारे में आम मतदाताओं को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी दिव्यांग मतदाता इस बार मतदान से वंचित नहीं रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार सिंह ने चुनाव आयोग के नवीन दिशा निर्देशों एवं प्रकोष्ठों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम उत्तर अनुराग भार्गव, अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा, अतिरिक्त आयुक्त आबकारी सुनिता डागा, उपायुक्त सेलटैक्स विभाग एसडी मीणा, भू-प्रबन्ध अधिकारी मनोज कुमार, डीआईजी स्टाम्प बीके तिवारी, एडीसी नरेश मालव, सीईओ जिला परिषद ममता तिवाड़ी, उप निदेशक स्थानीय निकाय दीप्ति मीणा सहित जिले के सभी उपखण्ड अधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!