Dark Mode
प्रेस सूचना ब्यूरो जयपुर के पत्रकारों ने किया पंजाब स्टेट साइंस सिटी का दौरा

प्रेस सूचना ब्यूरो जयपुर के पत्रकारों ने किया पंजाब स्टेट साइंस सिटी का दौरा

कपूरथला। प्रेस सूचना ब्यूरो जयपुर द्वारा पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कपूरथला स्थित पंजाब स्टेट साइंस सिटी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर साइंस सिटी के जनसंपर्क अधिकारी श्री अशनि कुमार ने बताया कि जालंधर–कपूरथला मार्ग पर 72 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह परियोजना देश की अपनी तरह की सबसे बड़ी विज्ञान सिटी है, जिसका उद्देश्य “एडुटेनमेंट” के माध्यम से विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाना है।भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्व ग्लोब के आकार की भव्य इमारत में स्थापित 328 सीटों वाले अत्याधुनिक स्पेस थिएटर का अवलोकन किया, जिसकी विशाल स्क्रीन सामान्य 35 मिमी स्क्रीन से दस गुना बड़ी है।

प्रेस सूचना ब्यूरो जयपुर के पत्रकारों ने किया पंजाब स्टेट साइंस सिटी का दौरा

डिजिटल प्लेनेटेरियम में मल्टी-चैनल प्रणाली के जरिए तारों भरे आकाश और ग्रह-नक्षत्रों का जीवंत अनुभव कराया जाता है। पत्रकारों ने 30 सीटों वाले वर्चुअल फ्लाइट सिम्युलेटर, 3-डी शो, इंडोर लेजर शो और कॉसमॉस स्पेस गैलरी का भी निरीक्षण किया। फन साइंस गैलरी में लगभग 100 इंटरैक्टिव मॉडल वैज्ञानिक सिद्धांतों को रोचक ढंग से समझाते हैं, वहीं हेल्थ गैलरी में 12 फीट ऊंचे हृदय मॉडल के माध्यम से रक्त संचार की प्रक्रिया दिखाई जाती है। देश के बड़े डायनासोर पार्कों में शामिल इस परिसर में 44 जीवन-आकार के डायनासोर स्थापित हैं। ऊर्जा शिक्षा पार्क में सौर, पवन और जैव ऊर्जा के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं, जबकि भूकंप सिम्युलेटर वास्तविक झटकों का अनुभव कराता है। रक्षा और रेल गैलरी में आधुनिक सैन्य उपकरणों तथा भारतीय रेलवे की प्रमुख परियोजनाओं के डायोरामा आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल को वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!