प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किश्त का किया हस्तांतरण
जिले के 2 लाख 2 हजार 155 किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 40.43 करोड़ रुपए की राशि हुई जमा
झालावाड़। पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 22वीं किश्त का देशभर के पात्र किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरण किया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, दुर्गापुरा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। झालावाड़ जिले में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान भाइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत झालावाड़ जिले के कुल 2 लाख 2 हजार 155 किसानों के खातों में 40 करोड़ 43 लाख 10 हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। किसानों ने इस योजना के माध्यम से समय-समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना प्रारंभ की गई थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपए की आर्थिक सहायता तीन समान किश्तों में सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है, जिससे किसानों को कृषि कार्यों में सहूलियत मिलती है। जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. संतोष झाझड़िया ने किसानों को योजना की जानकारी देते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे तथा बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद रहे।