प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे तिंवरी केन्द्रीय विद्यालय भवन का उद्घाटन
सांसद चौधरी के प्रयासों से मिली सौगात को मिला पूर्ण आकार, क्षेत्रवासियों में छाया अपार हर्ष
जोधपुर। तिंवरी और उसके आस-पास क्षेत्रों के अभिभावकों को अपने नौनिहालों को अत्याधुनिक रूप से शिक्षित करवाने का बहुप्रतीक्षित सपना गुरूवार को साकार हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सीकर से केन्द्रीय विद्यालय तिंवरी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से करेंगे। पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री और पाली सांसद पीपी चौधरी के संसदीय कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में यह एक बड़ी उपलब्धि कहीं जा सकती है। विदित है कि उनके अथक प्रयासों के परिणाम ही तत्कालीन केन्द्रीय शिक्षा मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने तिंवरी और हेमावास, पाली में दो केन्द्रीय विद्यालयों की स्वीकृति प्रदान की थी।
सांसद चौधरी ने इस सौगात पर हर्ष जताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने लगातार रूप से शिक्षा के क्षेत्र मे क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। चाहे नवीन राष्ट्रीय शिक्षा नीति हो या फिर ग्रामीण क्षेत्रों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों की स्थापना करना। शिक्षा एक तरह से हर व्यक्ति और प्रत्येक राष्ट्र के विकास का पहिया है। आर्थिक परिवर्तन लाने का एकमात्र माध्यम शिक्षा ही है। मेरा हमेशा सपना रहा कि पाली लोकसभा के बच्चे देश और विश्व में बदलाव के वाहक बने। इसके लिए उन्हें हर वह संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए पूर्ण संकल्पित रहा, जिससे वो अपनी नवीन सोच को विकसित कर नवाचारों की दिशा में आगे ले जाकर परिवार और देश के विकास में एक बड़ी भूमिका निभाएं। नवीन भवन के उद्घाटन को लेकर तिंवरी और आस-पास के क्षेत्रों में बड़े ही उत्साह का माहौल है। अपने बच्चों को एक उच्च स्तरीय एवं अत्याधुनिक वातावरण में पढ़ाने की इच्छा पूर्ण होने पर ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी सांसद और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपना आभार जता रहे हैं।
वर्चुअल उद्घाटन के साथ ही केन्द्रीय विद्यालय तिंवरी के नवीन भवन में भी एक भव्य सांस्कृतिक समारोह सुबह 10 बजे से रखा गया है। इसमें सांसद चौधरी के अलावा पूर्व विधायक भैराराम सियोल, जिला कलेक्टर, अध्यक्ष विप्रस केवी तिंवरी, उपायुक्त केवी संगठन क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर सहित अन्य पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रहेगी।