Dark Mode
PM मोदी से मिले प्रिंस रहीम आगा खान, साझेदारी बढ़ाने पर मंथन

PM मोदी से मिले प्रिंस रहीम आगा खान, साझेदारी बढ़ाने पर मंथन

नई दिल्ली। भारत के दौरे पर आए इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बैठक के दौरान भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (AKDN) के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मुलाकात पर खुशी जताते हुए उनके दिवंगत पिता आगा खान चतुर्थ को याद किया और विकास कार्यों में उनके योगदान का उल्लेख किया।

पीएम मोदी के मुताबिक, बातचीत में हेल्थकेयर, कृषि, ग्रामीण विकास के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करने पर विचार हुआ। दोनों पक्षों ने सामाजिक विकास से जुड़े सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की थी। जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई। दोनों के बीच आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण से जुड़े कार्यों पर चर्चा हुई। भारत और विदेशों में सहयोग की संभावनाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रिंस रहीम आगा खान पंचम बुधवार को भारत पहुंचे थे। 50वें इमाम के रूप में यह उनका पहला भारत दौरा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनकी यात्रा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर हो रही है। वह 9 से 15 सितंबर तक भारत में रहेंगे।

भारत प्रवास के दौरान प्रिंस रहीम आगा खान पंचम अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे। इन शहरों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क कई विकास परियोजनाओं और सामुदायिक पहलों से जुड़ा हुआ है। 10 सितंबर को उनकी उपराष्ट्रपति के साथ अहम बैठक भी प्रस्तावित है।

प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने फरवरी 2025 में अपने पिता प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ के निधन के बाद इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम का पद संभाला था। प्रिंस करीम अल-हुसैनी आगा खान चतुर्थ शिया इस्माइली मुसलमानों के 49वें इमाम थे। उनके निधन की जानकारी इस्माइली धार्मिक समुदाय की ओर से दी गई थी।

आगा खान चतुर्थ ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा सामाजिक और मानवीय कार्यों के लिए समर्पित किया। उन्होंने दुनिया के गरीब और वंचित समुदायों के विकास के लिए कई पहल कीं। वर्ष 1967 में उन्होंने आगा खान फाउंडेशन की स्थापना की थी, जो अफ्रीका, एशिया, यूरोप, मध्य पूर्व और उत्तरी अमेरिका सहित 18 देशों में विभिन्न क्षेत्रों में काम करता है।

प्रिंस रहीम आगा खान पंचम का मौजूदा भारत दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब दोनों पक्ष स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, शिक्षा, विरासत संरक्षण और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!