Dark Mode
प्रमुख शासन सचिव ने कोटा में जेके लोन एवं एमबीएस अस्पताल का किया निरीक्षण

प्रमुख शासन सचिव ने कोटा में जेके लोन एवं एमबीएस अस्पताल का किया निरीक्षण

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के दिए निर्देश कहा - उपचार में बरतें पूरी संवेदनशीलता, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने मंगलवार को कोटा में जेके लोन अस्पताल एवं एमबीएस अस्पताल का निरीक्षण कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं उपचार प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मरीजों को संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जेके लोन अस्पताल में प्रमुख शासन सचिव ने लेबर रूम, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, पीडियाट्रिक वार्ड एवं पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, साफ-सफाई, दवाइयों एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। महिलाओं एवं मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं उपचार सेवाओं को संतोषजनक बताया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से पेशेंट-डॉक्टर अनुपात, उपलब्ध संसाधनों एवं चिकित्सकीय स्टाफ की जानकारी ली। इस पर जेके लोन अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं तथा मरीजों को बेहतर उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।


हाई रिस्क प्रेग्नेंसी एवं स्क्रीनिंग पर विशेष फोकस के निर्देश
प्रमुख शासन सचिव ने प्रसूताओं एवं नवजात शिशुओं की नियमित स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी अथवा जटिलता की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने से समय पर उपचार संभव हो पाता है, जिससे गंभीर परिस्थितियों को रोका जा सकता है। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाले मामलों की विशेष मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।


पीडियाट्रिक स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश
प्रमुख शासन सचिव ने पीडियाट्रिक वार्ड का निरीक्षण कर वहां भर्ती बच्चों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत की तथा उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता, सतर्कता एवं त्वरित उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों एवं प्रसूताओं की स्क्रीनिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए ताकि बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।


किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर जोर
राठौड़ ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने किशोरों से संबंधित बीमारियों की जांच, परामर्श एवं उपचार के संसाधनों को विकसित करने पर बल देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समग्र स्वास्थ्य विकास सुनिश्चित करना भी होना चाहिए।


नर्सिंग प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने एमबीएस कॉलेज का निरीक्षण भी किया। वहां प्रशिक्षणरत नर्सिंग स्टाफ द्वारा मूलभूत चिकित्सकीय प्रक्रियाओं में दक्षता नहीं पाए जाने पर उन्होंने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ चिकित्सा व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है। उन्हें समुचित प्रशिक्षण प्रदान कर दक्ष बनाया जाए। उन्होंने संबंधित निजी नर्सिंग कॉलेज के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशिक्षणरत नर्सिंग स्टाफ को वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में ही कार्य कराया जाए तथा पूर्ण दक्षता एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होने के उपरांत ही उन्हें अनुभव अथवा प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।


कोटा संभाग के चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक
प्रमुख शासन सचिव ने कोटा संभाग के चिकित्सा अधिकारियों की बैठक में कहा कि कोटा में प्रसूताओं की मृत्यु की घटना बेहद दुखद है। प्रदेश में कहीं भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए सभी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, अस्पताल अधीक्षक, यूनिट हैड एवं सभी जिलों के सीएमएचओ को अपने दायित्वों का और अधिक संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाना होगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल की पूरी तरह से पालना सुनिश्चित की जाए। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए और पोस्ट ऑपरेटिव प्रोटोकॉल की पालना करते हुए हर घंटे में मरीज की निगरानी चिकित्सक द्वारा की जाए। इस दौरान कोटा जिला कलक्टर पीयूष समारिया, निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, कोटा मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन, एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. आरपी मीणा, जेके लोन अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा, एमबीएस अधीक्षक डॉ. धर्मराज मीणा ,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र नागर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!