सुनील थापा के जाने से टूटीं प्रियंका चोपड़ा, बोलीं- आप हमेशा मेरे कोच रहेंगे
मुंबई। नेपाली फिल्म जगत के वरिष्ठ अभिनेता सुनील थापा के निधन की खबर से उनके चाहने वालों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री भी गमगीन है। 68 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने से अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी बेहद आहत नजर आईं और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कीं।
प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘मैरी कॉम’ के एक सीन का वीडियो शेयर किया, जिसमें सुनील थापा उनके कोच की भूमिका में नजर आए थे। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि सुनील थापा हमेशा उनके लिए कोच सर ही रहेंगे। उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद जब वह टूट गई थीं, तब सुनील थापा ने उन्हें संभालने में बड़ी भूमिका निभाई थी।
प्रियंका ने अपने मैसेज में उनकी मुस्कान, गर्मजोशी और सकारात्मक ऊर्जा को याद करते हुए कहा कि वह यादें हमेशा उनके दिल में रहेंगी। उन्होंने यह भी लिखा कि सुनील थापा ने बिना जताए कई बार मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।
नेपाली सिनेमा में सुनील थापा का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर में 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और खासतौर पर खलनायक की भूमिकाओं से अलग पहचान बनाई। भारत में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता और ‘मैरी कॉम’ के जरिए बॉलीवुड में खास जगह बनाई।
इसके अलावा, वह ‘द फैमिली मैन 3’ जैसी चर्चित वेब सीरीज का भी हिस्सा रहे थे। उनके अभिनय और अनुशासन की इंडस्ट्री में हमेशा सराहना होती रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें काठमांडू के नॉर्विक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है।
प्रियंका ने अपने पोस्ट के अंत में सुनील थापा के परिवार और करीबियों के लिए संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि वह कभी भुलाए नहीं जाएंगे।