अधूरे कार्यों को लेकर नगर परिषद सीकर के खिलाफ जताया विरोध
सीकर। नवलगढ़ रोड़ स्थित वार्ड नं. 57 के रामनगर वासियों ने इक_ा होकर वार्ड में अधूरे पड़े सड़क और नाली निर्माण कार्यों को पूरा करवाने की मांग करते हुए नगर परिषद सीकर के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया । नवलगढ़ रोड़ संघर्ष समिति के सदस्य हरिराम मील ने बताया कि लगभग चार महीने से क्षेत्र में सड़क व नाली निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे वार्ड वासियों को आने-जाने में बहुत परेशानी हो रही है । वयोवृद्ध व्यक्तियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रखा है तथा छोटे बच्चों की स्कूल बस भी गली में नहीं आ जा पा रही है । दो पहिया व चार पहिया वाहनों का भी आना-जाना बंद है । रेलवे लाइन बाउंड्री के पास नव निर्मित रोड पर आज रास्ते में बड़े-बड़े गड्ढे हो रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है । मील ने बताया कि नगर परिषद अधिकारियों को बार-बार निवेदन करने पर भी उक्त कार्यों को पूरा नहीं करवाया जा रहा है, जिससे समस्त वार्ड वासियों में काफी रोष है । वार्ड वासी आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद वार्ड वासियों ने कहा कि यदि अधूरे पड़े सभी निर्माण कार्यों को सही मापदंडों के अनुसार नगर परिषद द्वारा जल्द ही पूरा नहीं करवाया गया तो वार्ड वासी एक बार फिर आंदोलन करने को मजबूर होंगे । जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर परिषद की होगी । विरोध प्रदर्शन के दौरान रचना देवी कुमावत, बसंती देवी, उर्मिला देवी, भंवरी देवी, सीता देवी, नारायणी देवी, हरिराम मील ,दिनेश कुमावत, धर्मेंद्र शर्मा, प्रभु जी कुमावत, गौरी शंकर, कुलदीप मील आदि मौजूद रहे।