बगड़ी नगर में पेयजल आपूर्ति से परेशान होकर दिया धरना
सोजत। निकटवर्ती कस्बा बगड़ी नगर में पेयजल व्यवस्था से परेशान होकर ग्रामीणों ने उप तहसील के बाहर धरना दिया। साथ ही ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।बता दें कि पिछले 10 दिनों से बगड़ी नगर में पानी नहीं आ रहा था। जिससे परेशान होकर लोगों ने कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा रोड जाम करने की सूचना के बाद सोजत से उपखंड अधिकारी गोपाल जांगिड़ और जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बिजली कटौती के कारण पर्याप्त रूप से पानी स्टोर नहीं हो रहा है और निरंतर बिना लाइट के पंप नहीं चलने से सप्लाई नहीं हो रही। इस वजह से परेशानी आ रही थी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वह 72 घंटे के अंदर गांव की पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से कर देंगे। जिसके बाद में उपखंड अधिकारी और अधिशासी अभियंता की समझाइश के बाद ग्रामीण मान गए और धरना उठा दिया।