Dark Mode
28 जून से पल्स पोलियो अभियान, घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

28 जून से पल्स पोलियो अभियान, घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

श्रीगंगानगर। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान की शुरुआत 28 जून से होगी, जिसके तहत पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाई जाएगी। इस संबंध में सोमवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरधर ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए और माइक्रो प्लान के अनुसार सभी लक्षित बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बताया गया कि अभियान के पहले दिन 28 जून को जिलेभर के टीकाकरण केंद्रों और बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों तक पहुंचेंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे।

अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई। पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले सामने आने के बाद सीमा से सटे गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने तथा प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाने के निर्देश दिए गए। दूरस्थ गांवों, ढाणियों और कठिन पहुंच वाले इलाकों के लिए भी विशेष टीमों का गठन किया गया है।

बैठक में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। सभी संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय सहयोग देने और बच्चों की पहचान कर उन्हें पोलियो की खुराक दिलाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा हाई रिस्क क्षेत्रों, पूर्व में छूटे बच्चों, शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) व्यवस्था, वैक्सीन की उपलब्धता, प्रचार-प्रसार सामग्री, नियंत्रण कक्ष की स्थापना और विद्युत आपूर्ति जैसे विषयों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एडीएम सतर्कता रीना, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. अनुरोध तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!