BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, आज PM मोदी से होगी अहम मुलाकात
नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए। हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर पुतिन के भारत आगमन की जानकारी दी और भारत-रूस के मजबूत संबंधों का उल्लेख किया।
पुतिन की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क लगातार जारी हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति की मुलाकात हुई थी।
अब नई दिल्ली में होने वाली मोदी-पुतिन वार्ता पर सभी की नजरें हैं। बैठक में दोनों नेता भारत-रूस साझेदारी की प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं। इसके अलावा रणनीतिक महत्व के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुतिन के भारत दौरे से पहले भारतीय मीडिया से बातचीत में कहा था कि दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ दुनिया के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। पुतिन प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन संघर्ष की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी दे सकते हैं।
बैठक के दौरान रक्षा सहयोग अहम मुद्दा रह सकता है। दोनों पक्ष मौजूदा रक्षा परियोजनाओं की प्रगति के साथ भविष्य में प्रस्तावित सहयोग पर भी बातचीत कर सकते हैं।
यूक्रेन युद्ध का मुद्दा भी वार्ता में महत्वपूर्ण रहने की संभावना है। बिश्केक में हुई पिछली मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने पुतिन के सामने युद्ध को लेकर भारत का रुख स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा था कि दुनिया को लगातार जारी युद्ध की स्थिति से निकलकर उसके अंत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री ने इस संघर्ष के जल्द समाप्त होने की इच्छा को पूरी मानवता की भावना बताया था।
भारत के पास वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता है। इसी के तहत 12 और 13 सितंबर को राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में सदस्य देशों के अलावा साझेदार और विशेष आमंत्रित देशों के नेता भी हिस्सा ले रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सम्मेलन का उद्देश्य BRICS देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना, साझा प्राथमिकताओं पर आगे बढ़ना तथा वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करना है। ऐसे में पुतिन का भारत दौरा और मोदी के साथ उनकी बैठक द्विपक्षीय संबंधों के साथ BRICS मंच के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।