राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के हीरक जयन्ती समारोह में राही सम्मानित
सोजत। मेहंदी नगरी सोजत के ख्यातनाम शायर कवि बाल साहित्य लेखक अब्दुल समद राही को राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति, श्रीडूंगरगढ की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोज्य हीरक जयन्ती समारोह में श्रीडॅूंगरगढ के संस्कृति भवन में सम्मानित किया गया। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि, जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय, उदयपुर के कुलपति कर्नल प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत, संस्कृति विज्ञ डाॅ. डी.बी. क्षीरसागर, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर के अतिरिक्त कुल सचिव डाॅ. बिट्ठल बिस्सा, प्रख्यात समाज सेवी भीखमचंद पुगलिया, साहित्यकार-समालोचक मालचंद तिवाड़ी सहकारिता विभाग लक्ष्मणगढ़ के साहित्यकार प्रदीप दीप, संस्था के मंत्री रवि पुरोहित ने राही को माला पहनाकर शाल ओढ़ाकर व मोमेंटो बेग और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही आयोजन में साहित्य, संस्कृति, भाषा, कला, शिक्षा और इनके प्रचार-प्रसार व संरक्षण-अनुरक्षण में सहयोग करने वाले साथियों को समादृत किया गया। कार्यक्रम में देश प्रदेश के अनेकों विद्वजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का सरस संचालन संस्था मंत्री रवि पुरोहित ने किया। राशि को सम्मानित किए जाने पर शहर के साहित्यकारों और गणमान्य जनों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं पेश की है।