राहुल गांधी ने शुरू किया 'छात्रों की गूंज' अभियान, युवाओं से मांगा समर्थन
New Dehli : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर एक नया जनअभियान शुरू किया है। 'छात्रों की गूंज' नाम से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य शिक्षा और रोजगार से संबंधित समस्याओं को संगठित रूप से सामने लाना और छात्रों की मांगों को व्यापक मंच प्रदान करना है।
राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए युवाओं से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल उन छात्रों की आवाज बनने का प्रयास है, जिन्हें पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ियों, बढ़ती शैक्षणिक फीस या अन्य शैक्षिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
अपने संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि कई परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए वर्षों की मेहनत और बचत लगा देते हैं, लेकिन व्यवस्था की खामियों के कारण छात्रों के सपनों को झटका लगता है। ऐसे युवाओं की बात को मजबूती से उठाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान से जुड़ने की प्रक्रिया बेहद सरल है और इसमें कुछ ही सेकंड का समय लगेगा। इच्छुक छात्र और युवा निर्धारित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जाकर अपना नाम दर्ज कर सकते हैं, अपने सुझाव साझा कर सकते हैं और डिजिटल पिटिशन पर हस्ताक्षर कर इस पहल का हिस्सा बन सकते हैं।
राहुल गांधी के मुताबिक, अभियान का मुख्य लक्ष्य सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली तथा युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार के अवसरों की मांग को मजबूती देना है। उनका कहना है कि जितने अधिक छात्र और युवा इस मुहिम से जुड़ेंगे, उनकी आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से नीति-निर्माताओं तक पहुंचेगी।
उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक आवाज बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कांग्रेस की ओर से शुरू किए गए इस अभियान को सोशल मीडिया पर भी व्यापक रूप से प्रचारित किया जा रहा है।