राजस्थान में बारिश की दस्तक, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Jaipur : राजस्थान में मानसून से पहले मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेशभर में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार असर दिखा रही हैं और कई जिलों में बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 12 जिलों में तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। 23 जून तक कई इलाकों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियों के जारी रहने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
शुक्रवार को कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। उदयपुर में शाम के समय तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। वहीं कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी का दौर भी देखने को मिला।
पिछले 24 घंटों के दौरान बूंदी जिले के रायथल में सबसे अधिक 33 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हिंडौली में 18 मिमी, बूंदी शहर में 15 मिमी, राजसमंद के सरदारगढ़ में 25 मिमी, रेलमगरा में 16 मिमी और कुंभलगढ़ में 12 मिमी वर्षा दर्ज हुई। अजमेर जिले के सावर में भी 18 मिमी बारिश हुई। बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर के कई इलाकों में भी वर्षा दर्ज की गई।
हालांकि बारिश के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में उमस और गर्मी का असर बना रहा। अलवर शुक्रवार को राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दौसा, भरतपुर, सीकर, झुंझुनूं, नागौर और श्रीगंगानगर में भी लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में प्री-मानसून सिस्टम और सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से कई जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।