Dark Mode
राजस्थान में बारिश का जोर, कई जिलों में भारी बरसात का अलर्ट

राजस्थान में बारिश का जोर, कई जिलों में भारी बरसात का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले पांच दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा और कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र और राजस्थान से गुजर रही मानसून ट्रफ के कारण बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। अगले दो-तीन दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने की भी संभावना जताई गई है।

रविवार के लिए झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और उदयपुर जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जैसलमेर और बीकानेर को छोड़कर अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। सीकर के पलसाना में 33 मिमी, सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में 28 मिमी, झालावाड़ के झालरापाटन में 28 मिमी और उदयपुर में 11 मिमी वर्षा दर्ज की गई। कोटा, सलूंबर, प्रतापगढ़ और नवलगढ़ समेत कई इलाकों में भी बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।

बारिश का असर जलाशयों पर भी दिखाई देने लगा है। बीसलपुर बांध में पानी की आवक शुरू हो गई है और पिछले 24 घंटे में जलस्तर में तीन सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिलहाल बांध अपनी कुल क्षमता का करीब 67 प्रतिशत भर चुका है, जिससे आने वाले दिनों में जल उपलब्धता को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। जैसलमेर 42.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। बीकानेर, बाड़मेर, गंगानगर और फलोदी में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं अजमेर में हल्की बूंदाबांदी के बाद उमस बनी रही। उदयपुर में रुक-रुककर हुई बारिश से कई सड़कों पर पानी भर गया, जबकि अलवर में बारिश के बाद रूपारेल नदी का जलस्तर बढ़ने से कुछ मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून और मजबूत हो सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!