धूमधाम से मनाई जाएगी राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती
कोटा. हैहय क्षेत्रीय कलाल संस्थान सभा कोटा की ओर से 19 नवम्बर को राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती मनाई जायेगी। इस मौके पर कलाल समाज द्वारा भव्य विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कलाल संस्थान सभा के अध्यक्ष राहुल पारेता ने बताया कि राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती समारोह के अवसर पर 19 नवम्बर को सुबह 8:30 बजे नाता चौराहे पर युवा मंडल द्वारा राजराजेश्वर सहस्त्रबाह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुबह 10.30 बजे राम जानकी मंदिर केशवपुरा से कलाल समाज बालिका छात्रावास विनोबा भावे नगर तक विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। समाज की हजारों महिलाएं कलश यात्रा में शामिल होंगी। विशाल कलश यात्रा में दर्जनों ऊंट गाड़ियां और घोड़े गाड़ियां भी शामिल होंगी। वरिष्ठ लोगों को बग्गियों में बिठाकर विशाल सम्मान दिया जाएगा। कलश यात्रा के मार्ग पर समाज के द्वारा फूलों से स्वागत किया जाएगा। विभिन्न समाजों की ओर से भी शोभायात्रा का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला मंडल द्वारा सायं 7 बजे किशोर सागर तालाब की पाल पर दीपदान किया जाएगा। पारेता ने बताया कि इस अवसर पर आयोजित समारोह में कलाल समाज के भामाशाह व वृद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। अध्यक्ष राहुल पारेता ने बताया कि कलाल समाज द्वारा हर वर्ष धूमधाम से राजराजेश्वर सहस्त्रबाह अर्जुन जयंती को मनाई जाती है।