राजस्थान हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, जांच के बाद बहाल हुआ कामकाज
जयपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर और जोधपुर पीठ को शुक्रवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से दोनों परिसरों में तुरंत सतर्कता बढ़ा दी गई और पुलिस को सूचना दी गई।
हाईकोर्ट रजिस्ट्रार को सुबह एक ई-मेल के माध्यम से धमकी मिली, जिसमें कोर्ट परिसर में तीन शक्तिशाली आरडीएक्स बम लगाए जाने का दावा किया गया था। इसके बाद जयपुर हाईकोर्ट में सभी न्यायिक कार्य एहतियातन स्थगित कर दिए गए और परिसर को खाली कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कोर्ट रूम, जजों के चैंबर, वकीलों के कक्ष और अन्य स्थानों की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सुरक्षा एजेंसियों की पुष्टि के बाद जयपुर हाईकोर्ट में दोबारा प्रवेश की अनुमति दी गई, जिसके बाद न्यायिक कामकाज फिर से शुरू हो गया।
वहीं, जोधपुर हाईकोर्ट परिसर में समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही थीं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पिछले साल राजस्थान हाईकोर्ट को कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। दिसंबर महीने में लगातार पांच दिन तक धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
हाईकोर्ट प्रशासन और पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर जांच तेज कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रही है।