राजस्थान पेशनर समाज जिला शाखा टोंक कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न
टोंक । राजस्थान पेशनर समाज जिला शाखा टोंक कार्यकारिणी की बैठक पेंशनर भवन में जिलाध्यक्ष बृजबिहारी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। महामंत्री प्रहलाद राय नीमावत द्वारा कार्यकारिणी के समक्ष प्रांत से जारी निर्देशों की जानकारी तथा आंदोलन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। नीमावत ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पिछले साढ़े चार वर्षों में पेंशनर्स की समस्याओं की ओर उपेक्षा कर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। पेंशनर्स की मुख्य मांग 65 वर्ष की आयु होने पर 5 प्रतिशत, 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत व 75 वर्ष की आयु पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन स्वीकार करने की रही है, जिसकी तरफ सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण रहा। साथ ही अन्य मांगों पर भी सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया, यहां तक कि मुख्यमंत्री ने प्रांतीय पेंशनर नेतृत्व को मिलने का समय ही नहीं दिया। मजबूर होकर पेंशनर्स द्वारा आंदोलन का मार्ग अपनाया गया। आंदोलन के प्रथम चरण में प्रांतीय स्तर पर हजारों पेंशनर्स द्वारा धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया था, अब 19 अप्रेल को प्रात: 11 से सांय 4 बजे तक जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाने हेतु हरबंश शर्मा के संयोजक बनाया गया है। पेंशन समाज की टोंक जिले की समस्त उप-शाखाओं को अधिक से अधिक पेंशनर्स को लाने व धरना-प्रदर्शन में भाग लेने हेतु आव्हान किया गया।