Dark Mode
राजस्थान पुलिस की कार्यशैली अन्य राज्यों से बेहतर: यादव

राजस्थान पुलिस की कार्यशैली अन्य राज्यों से बेहतर: यादव

शिवगंज। राज्य के गृह एवं न्याय राज्य मंत्री राजेन्द्रसिंह यादव ने कहा कि अपराध की रोकथाम सहित जांच एवं अपराधियों को सजा दिलवाने में राजस्थान पुलिस की कार्यशैली अन्य राज्यों से बेहतर है। राज्य के मुख्यमंत्री ने पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए बजट भी बढाया है ताकि कानून व्यवस्था चाक चौबंद हो। उसी का परिणाम है कि राजस्थान पुलिस अपराधियों को सजा दिलवाने में आज देश में पहले या दूसरे स्थान पर है। यादव गुरुवार को शिवगंज में नवसृजित पुलिस वृताधिकारी कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने की। विशिष्ठ अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेय, पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश सोनी, उपखंड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मदन माली, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रताराम देवासी, पीसीसी सदस्य हरीश राठौड उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि आज देखा जाए तो साइबर अपराध निरंतर बढते जा रहे है। इसे रोकने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल पर जगह जगह साइबर थाने खोले गए है। इसके अलावा जयपुर में ५० करोड़ की लागत से साइबर सेंटर तैयार करवाया जा रहा है ताकि साइबर अपराधों से आम जन को होने वाली हानि से रोका जा सके। इन साइबर थानों में पुलिस के प्रशिक्षित अधिकारियों व कार्मिकों को तैनात भी किया जा रहा है। इसके पीछे मंशा यहीं है कि समय के साथ पुलिस भी अपग्रेड हो। मंत्री यादव ने कहा कि हम सभी यह समझते है कि पुलिस सबकुछ कर सकती है। यह मानसिकता सही नहीं है। बल्कि हकीकत यह है कि पुलिस जनता की मदद के बिना कुछ नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा एक ऐसी सेवा है जो आम जन को हर दिन चौबीस घंटे उपलब्ध होती है। स्वाभाविक है कि निरंतर कार्य करने और मानसिक थकान की वजह से कभी लापरवाही भी हो जाती है। इसका मतलब यह नहीं कि पुलिस लापरवाह है। लापरवाही समाज के सभी अंगों से हो सकती है,मगर यदि वह लापरवाही पुलिस से हो जाए तो हमारी भावना उनके प्रति अच्छी नहीं होती। हम पुलिस की उन विषम परिस्थितियों को नहीं देखते कि वह किस परिस्थिति में काम करती है। यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस बात के प्रयास कर रही है कि पुलिस कर्मियों का मानसिक तनाव किस तरह से कम किया जाए ताकि वे ओर भी बेहतर सेवा प्रदान कर सके। यादव ने कहा कि भाजपा राजस्थान की कानून व्यवस्था को लेकर माहौल बना रही है इस तरह से प्रदर्शित किया जा रहा है कि जैसे राजस्थान जल रहा है। हकीकत यह नहीं है। राजस्थान पुलिस की कार्यशैली की बदौलत गंभीर अपराधों में पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला दर्ज होने के बाद जांच में पहले औसतन १३८ दिन का समय लगता था वह अब घटकर ७४ दिन हो गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को लेकर जो विपक्ष माहौल तैयार कर रहा है उससे हमें बाहर निकलना है। यह आपको तय करना है कि संयम जैसे काबिल नेता का चुनना है या फिर किसी अन्य को। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने केन्द्र में २४ सांसद जीताकर भेजे है। मगर इनमें से एक भी ऐसा नहीं है जिसने संसद में कभी राजस्थान या फिर अपने क्षेत्र के लिए कोई मांग उठाई हो। इनमें से एक भी सांसद न तो इतने सालों में केन्द्र से कोई बड़ी योजना ला सका है और न ही रेललाइन का विस्तार करवा सका है। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश में महिला शिक्षा पर किए जा रहे कार्यो की जानकारी दी। साथ ही पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेय को काबिल अफसर बताते हुए कहा कि उनके हाथ में सिरोही की कानून व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी।

विषम परिस्थितियों के बावजूद नहीं थमा विकास
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साढे चार साल का कार्यकाल विषम परिस्थितियों के बावजूद बेहतर रहा है। इन सालों में प्रदेश में विकास की गति को थमने नहीं दिया गया। प्रदेश में नए जिले बनाए गए, आज राजस्थान ३३ जिलों के बजाय ५० जिलों का प्रदेश बन गया है। जिससे रोजगार के अवसर बढे है। इस मौके पर विधायक ने गृह राज्य मंत्री यादव का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिस समय वे भाषा विभाग के मंत्री थे उस समय सिरोही की सारणेश्वर लाईबे्ररी को ई लाईब्रेरी में परिवर्तित करने के लिए १ करोड़ रूपए स्वीकृत किए। उच्च शिक्षा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले ७० सालों में जितने कॉलेज प्रदेश में नहीं बने उतने तो इन पांच सालों में खोल दिए गए है। इससे सिरोही जिला भी अछूता नहीं रहा है। शिक्षा को बढावा देने के लिए आज यहां मेडीकल कॉलेज, शिवगंज में लडकियों का कॉलेज, कालंद्री व कैलाशनगर में कॉलेज, महिला महाविद्यालय व लॉ कॉलेज को क्रमोन्नत करने, संस्कृत महाविद्यालय, वेटनेरी कॉलेज, नर्सिग कॉलेज, एमबीए कॉलेज खोले गए है ताकि यहां शिक्षा का माहौल तैयार हो सके। विधायक ने कहा कि शिवगंज में डीएसपी कार्यालय खुलने से कानून व्यवस्था सुदृढ हो सकेगी। आम जन को न्याय मिलने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस एक ऐसा महकमा है जिससे आम जन की अपेक्षाएं कभी खत्म नहीं हो सकती। पुलिस को भी आम जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने मोरली एवं सरदारपुरा में हुई चोरियों की वारदात सहित अन्य वारदातों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ मामले है जो चुनौती बने हुए है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि शिवगंज में डीएसपी कार्यालय खुलने के बाद टीम बनाकर इन वारदातों का खुलासा किया जा सकेगा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि पुलिस में सुविधाएं बढाने के लिए पैसा चाहिए तो विधायक कोष से राशि उपलब्ध करवाने को तैयार है। समारोह को पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेय ने भी संबोधित किया।

फीता काट एवं शीलालेख का अनावरण कर किया शुभारंभ
इससे पूर्व गृह एवं न्याय राज्य मंत्री राजेन्द्र यादव एवं विधायक लोढ़ा ने पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर एवं शिलालेख का अनावरण कर नए डीएसपी कार्यालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश सोनी, नवनियुक्त वृताधिकारी विवेकसिंह, पारसाराम, जेठूसिंह कुम्पावत, पुलिस निरीक्षक अचलदान रत्नू, पालडी थाना प्रभारी प्रभूराम सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इनकी रही मौजूदगी
समरोह में पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा, पूर्व प्रधान अचलाराम माली, सरपंच संघ अध्यक्ष वेरसिंह देवडा, सेवादल जिलाध्यक्ष कुशल देवडा, पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुरेशसिंह राव, कोमल परिहार, गोशाला अध्यक्ष बाबूलाल परिहार, सचिव डॉ रवि शर्मा, मंडल अध्यक्ष नरपतसिंह, पूरणसिंह बागसीन, नारायण रावल, तेजाराम मीना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, नफीसा बानू, महादेव महिला मंडल अध्यक्ष उषा सोनी, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष जूली चौहान, उषा देवासी, पुरूषोत्तम मिन्हास, पार्षद प्रकाश मीना, हबीब शेख, कस्तुर घांची, नारायणलाल परिहार, जगवीरसिंह गोहिल, सहवृत सदस्य महेन्द्र राठौड, राजेन्द्र कुमार माली, पेंशनर्स समाज अध्यक्ष रघुनाथराम मीना, जयसिंह राठौड, रूस्तम अली अंसारी, जितेन्द्रसिंह राव, करणसिंह राव, ठाकरीराम रावल, प्रतापराम माली पालडी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!