'वेट्टैयन' के बाद 'कुली' की शूटिंग करने के लिए तैयार रजनीकांत
सुपरस्टार रजनीकांत ने बीते दिन 'वेट्टैयन' की शूटिंग पूरी की, जिसकी जानकारी निर्माताओं ने फिल्म के सेट से तस्वीर साझा करते हुए दी थी। वहीं अब अभिनेता की अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कुली' को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। निर्देशक लोकेश कनगराज 'कुली' के जरिए रजनीकांत के साथ काम कर रहे हैं। अब फिल्म की शूटिंग को लेकर जानकारी सामने आई है।
तीन हफ्ते तक ब्रेक पर रजनीकांत
फिल्म के रोमांचक घोषणा वीडियो ने इंटरनेट पर धूम मचा दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 'कुली' के लिए मुख्य फोटोग्राफी और शूटिंग 6 जून, 2024 को शुरू होने वाली है। इस वजह से रजनीकांत फिल्म के सेट पर कदम रखने से पहले तीन सप्ताह का अंतराल लेने के लिए तैयार हैं। छोटे से ब्रेक के बाद वे फिर कैमरे के सामने आएंगे।
अभिनेत्री की तलाश जारी
हाल ही में एक साक्षात्कार में निर्देशक लोकेश कनगराज ने खुलासा किया कि फिल्म में मजबूत महिला किरदार होंगे। खबरें हैं कि श्रुति हासन एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगी। कहा जा रहा है कि वे फिल्म में अभिनेता की बेटी के रूप में नजर आ सकती हैं। साथ ही कहा गया है कि अन्य बड़े कलाकारों को भी जल्द ही कास्ट किया जाएगा। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक घोषणा होने बाकी है।