राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलंपिक खेलों का हुआ शुभारंभ
जिले में 84 हजार 137 पुरूष एवं 55 हजार 318 महिला खिलाड़ी लेगें भाग
टोंक। राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलंपिक खेलों का भव्य शुभारंभ शनिवार को जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड में खो-खो प्रतियोगिता के मैच के साथ हुआ। जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह में जिला प्रमुख सरोज बंसल ने ध्वजारोहरण कर खिलाडिय़ों के मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल हमें जीवन में अनुशासित रहना सिखाते है। हमें बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए। यह उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। समारोह की अध्यक्षता कर रहे नगर परिषद सभापति अली अहमद ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू किये गए राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों से गांवों व शहरों में आमजन के बीच सौहार्द एवं भाईचारे की भावना बढ़ेगी। खेल में हार व जीत को विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए। इस मौके पर खिलाडिय़ों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज, मुख्य कार्यकारी अधिकारी देशलदान, जिला वन मंडल अधिकारी मरीय शाहीन, उपखंड अधिकारी बृजेश चौधरी, एसीईओ मुरारीलाल शर्मा, सीडीईओ मीना लसारिया, एडीईओ चौधमल चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, पार्षद शब्बीर अहमद, कजोड़ बैरवा, युसुफ इंजीनियर, तुलसीराम मीणा, मो. अजमल देवपुरा, जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय कवि प्रदीप पंवार द्वारा किया गया। समारोह में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में आयोजित हो रहे ग्रामीण ओलंपिक में 1 लाख 7 हजार 949 एवं शहरी ओलंपिक के लिए 31 हजार 510 खिलाडिय़ों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें ग्रामीण ओलंपिक में 63 हजार 977 पुरूष एवं 43 हजार 968 महिला खिलाड़ी भाग ले रहे है तथा शहरी ओलंपिक में 20 हजार 160 पुरूष एवं 11 हजार 350 महिला खिलाड़ी शामील होंगे। ग्रामीण ओलंपिक में कुल खेल टीमों की संख्या 10 हजार 260 है जिसमें 5 हजार 708 पुरूष टीमें व 4 हजार 549 महिला टीमें है। इसी प्रकार शहरी ओलंपिक में 3 हजार 380 टीमें है इनमें 2 हजार 100 पुरूष व 1 हजार 280 महिला टीम बनाई गई है।
वही कार्यक्रम के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव-2023 को लेकर स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूक किया गया। स्वीप कोर्डिनेटर शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि ओलंपिक खेलों के शुभारंभ के अवसर पर सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई।