रामनवमी शोभायात्रा समिति लगाएगी भारत माता की मूर्ति
सूरतगढ़ . रामनवमी शोभायात्रा समिति की ओर से बैठक का आयोजन चंद्रसिंह की अध्यक्षता में भगतसिंह चौक पर किया गया। बैठक में समिति के सभी सदस्यों द्वारा इस वर्ष के आय व्यय व आगामी कार्यों पर चर्चा की गई।समिति कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा ने बताया कि भारत माता की विशाल मूर्ति भारत माता चौक पर समिति की ओर से लगायी जाएगी। चौक पर लगने वाली भव्य मूर्ति का निर्माण मकराना के कारीगरों से करवाया जाएगा। मूर्ति स्थापित करने के लिए भारत माता चौक का पुनः निर्माण किया जाएगा। चौक निर्माण के लिए भी मकराना के पत्थरों का इस्तेमाल कर भव्य चौक बनाया जाएगा। समिति के प्रेम राठौड़ ने कहा कि मूर्ति निर्माण होने के बाद शुभ मुहूर्त देखकर मूर्ति की स्थापना शहर के नागरिकों की मौजूदगी में की जाएगी। अशोक आसेरी ने कहा कि मूर्ति स्थापना पर विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसके लिए आगामी दिनो में बैठक कर कार्यक्रम को मूर्त रूप दिया जाएगा। बैठक में विजय मुद्गल, पवन छाबड़ा, माँगीलाल छींपा, अरुण जैन, जयप्रकाश, पंकज सहित रामनवमी शोभायात्रा समिति के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।