Dark Mode
कैरियर आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नियमित रूप से किताबें और अखबार पढ़ें : सुराणा

कैरियर आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नियमित रूप से किताबें और अखबार पढ़ें : सुराणा

चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा की पहल पर जिले में चल रहे पुस्तक संवाद नवाचार के क्रम में जिला कलक्टर आवास पर बोर्ड परीक्षाओं में जिला व ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान व संवाद कार्यक्रम शनिवार को जिला कलक्टर आवास पर आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी निश्चय प्रसाद एम, सीडीईओ संतोष महर्षि, एडीपीसी सरिता आत्रेय, डीईओ माध्यमिक किशनलाल गहनोलिया, ओमप्रकाश फगेड़िया सहित अधिकारियों ने 10 वीं व 12 वीं कक्षा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों से संवाद किया और पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि कैरियर आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नियमित रूप से किताबें और अखबार पढ़ें। इसी के साथ लक्ष्य के अनुकूल तैयारी हो। अपनी योग्यता और जुनून से भविष्य की रूपरेखा तैयार करें और नियमित रूप से लक्ष्य पथ पर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि अपनी असफलताओं में कमियों की पहचान कर दूर करने का प्रयास करें। आगे बढ़ने के लिए स्पष्टता आवश्यक है तथा नियमित विचार व तुलनात्मक विश्लेषण के साथ श्रेष्ठ लक्ष्य का चयन करें। इसी के साथ सोशल मीडिया और मोबाइल से दूर रहें। इस दौरान एसपी निश्चय प्रसाद एम ने कहा कि सही रास्ता चुनें और सही रास्ते पर ही चलें। शुरुआत से ही अपने लक्ष्य के लिए गंभीरता और लगन से प्रयास करें। उन्होंने कहा कि बड़ा सोचें और अपने सपने को साकार करने के लिए नियमित अध्ययन करें। अपने क्षेत्र ने श्रेष्ठता अर्जित करें और काबिल बनकर समाज को वापस देने का भाव रखें। जिला कलक्टर सुराणा और एसपी निश्चय प्रसाद ने विद्यार्थियों से कैरियर आकांक्षाओं से जुड़े सवाल किए और मार्गदर्शन दिया तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकें भेंट की। बच्चों ने अतिथियों से विभिन्न राजकीय सेवाओं, व्यापार और स्वरोजगार से जुड़े सवाल किए और अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। उपस्थित अधिकारियों ने कैरियर संभावनाओं और विकल्पों की जानकारी दी। इस दौरान कमल शर्मा, जनार्दन, भवानी, दीपक शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन शिवकुमार शर्मा ने किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!