शिविरों में आमजन को मिली राहत
बारां। जिले में गिरदावर सर्किल पर विशेष ग्राम उत्थान शिविरों के तहत गुरूवार को बारां में अटल सेवा केन्द्र बड़ा, शाहबाद में समरानिया, मांगरोल में रायथल, अटरु में कटावऱ, किशनगंज में बांसथूनी, छबड़ा तथा छीपाबड़ौद में गोरधनपुरा में आयोजित विशेष शिविरों में कई ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।शिविर मे मौके पर मिला लाभ केलवाड़ा में आयोजित शिविर में आए इमरान खान निवासी केलवाड़ा ने बताया कि नव उत्थान नई पहचान के अंतर्गत शिविर प्रभारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा नवीन जॉब कार्ड सोपा गया बरसों से अपने रोजगार के अधिकार को लेकर अनिश्चिता झेल रहे मेरे लिए यह क्षण अत्यंत गर्व और आत्मसम्मान का था। अब जॉब कार्ड का लाभ एवं रोजगार सरलता से प्राप्त कर सकुंगा। लाभार्थी इमरान ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी और और ग्राम उत्थान शिविर जैसे प्रयास ग्रामीण नागरिकों के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है जहां कागज नहीं आत्मविश्वास मिलता है और काम के साथ-साथ रोजगार की पहचान भी मिलती है। कृषि यंत्र की स्वीकृति शिविर में कृषि विभाग की ओर से संचालित कृषि यंत्र योजना के अंतर्गत ग्राम पीपलखेड़ी के प्रगतिशील कृषक राजेश किराड़ को कृषि यंत्र की स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृति मिलने पर कृषक परिवार में हर्ष का माहौल रहा। राजेश किराड़ बताया कि पहले फसल में खरपतवार, रोग व कीट से परेशान थे, जिसके कारण फसल उत्पादन में अस्थिरता बनी रहती थी। कृषि यंत्र योजना की स्वीकृति से अब आसानी से मिट्टी में गहरी जुताई होने से खरपतवार, कीट व रोग में कमी आएगी। जिससे लागत में कमी होगी और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। आय में बढ़ोतरी होगी। साथ ही साथ आर्थिक संबल भी मिलेगा। किराड़ ने कहा कि कृषि यंत्र योजना वास्तव में किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली है। पशुपालक को मिला मंगला पशु बीमा योजना का लाभ लाभार्थी जमनालाल नागर निवासी मौखमपुरा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में मैंने शिविर प्रभारी तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह गुर्जर को अवगत करवाया कि मेरे दो भैसें है और मुझे क्या लाभ प्राप्त हो सकता है। उन्होंने तत्काल ही पशुपालन विभाग के कार्मिकों को बुलाकर योजना के लाभ की जानकारी एवं लाभ दिए जाने के निर्देश दिए। मेरी दोनो भैसों का मुख्यमंत्री मंगला पशु योजनान्तर्गत बीमा किया गया। अब मुझे किसी प्रकार के लाभ या हानि की चिंता नहीं है। किसान को मिला वर्मीकम्पोस्ट यूनिट का लाभ मौखमपुरा निवासी जमनालाल धाकड़ द्वारा शिविर मे बताया कि मे वर्मीकम्पोस्ट यूनिट, पशुपालन, मधुमख्खी पालन का कार्य करना चाहता था। शिविर में कृषि पर्यवेक्षक ओमप्रकाश मीणा से संपर्क करने पर योजनाओं व सरकार द्वारा दिए जाने वाले अनुदान के बारे में जानकारी देकर योजना के लिए आवेदन करवाया गया। शिविर प्रभारी एवं उपस्थित सहायक कृषि अधिकारी मीणा द्वारा त्वरित कार्यवाही कर विभाग द्वारा 30000 रुपए अनुदान की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। योजनाओं का लाभ मिलने पर लाभार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा चलाए जा रहे ग्राम उत्थान शिविरों की सराहना की। साथ ही शिविर में उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारियों एवं राजस्थान सरकार को धन्यवाद किया। विशेष ग्राम उत्थान शिविरों में अधिक से अधिक कृषकों एवं पशुपालकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कृषि एवं संबद्ध विभागों की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत तारबंदी, डिग्गी एवं फार्म पॉण्ड निर्माण, पाइपलाइन स्वीकृतियां, बैलों से खेती योजना में प्रोत्साहन राशि, ड्रिप एवं फव्वारा सिंचाई, सौर पम्प, सॉइल हेल्थ कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, सहकारी ऋण, गोदाम एवं कृषि उपकरणों के आवेदन, पशुओं का बीमा पंजीकरण, टीकाकरण व कृत्रिम गर्भाधान, स्वामित्व कार्ड वितरण, सहकारी सदस्यता, महिला स्वयं सहायता समूह ऋण आवेदन, सहकारी बैंक खाते खोलना, युवा स्वरोजगार एवं पीएम सूर्यघर योजना के पंजीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। आज यहां लगेंगे शिविर इसी क्रम में 6 फरवरी को प्रातः 10 से सायं 5 बजे तक बारां में अटल सेवा केन्द्र फतेहपुर, शाहबाद में मुण्डियर, अटरु में खेड़लीगंज़, किशनगंज में भंवरगढ़, छबड़ा में बापचा, अंता में पाटोन्दा तथा छीपाबड़ौद में गगचाना में विशेष ग्राम उत्थान शिविर का आयोजन किया जाएगा।