Dark Mode
नगरपरिषद हॉल में हुआ समीक्षा बैठक का आयोजन

नगरपरिषद हॉल में हुआ समीक्षा बैठक का आयोजन

भीलवाड़ा। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अंजना पंवार ने मंगलवार को नगरपरिषद टाउनहॉल में आयोजित बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को बारीकी से जाना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर हीं निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के समय अपनी जान की परवाह किये बिना चिकित्सा विभाग, पुलिस विभाग के साथ साथ इन स्वच्छता सैनिकों ने जी-जान से लोगों की सेवा की। इसे भुलाया नही जा सकता है। सफाई कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण होता है, हमें इनके प्रति संवेदना का भाव रख इनका सम्मान करना चाहिए। समीक्षा बैठक के दौरान श्रीमती पंवार ने बैठक में अनुपस्थित कर्मचारियों पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कॉल के माध्यम से बुलाने को कहा। बैठक के दौरान उपाध्यक्ष अंजना पवार ने वर्तमान में जिले के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मियों एवं उन्हें मिल रहे लाभ, मानदेय आदि की जानकारी अधिकारियों से लेकर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को बिन्दुवार जाना। इस दौरान उन्होंने जिले में सफाई कर्मचारियों के अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी प्रकरणों, स्वीकृत पदों की भर्ति/पदोन्नति प्रकरणों में अधिक वर्षो से कार्य कर रहे व्यक्तियों व महिलाओं को प्राथमिकता प्रदान कर लाभ देने, क्षेत्रफल व जनसंख्या के आधार पर सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए आवश्यकतानुसार शीघ्र डिमाण्ड भिजवाने, सफाई कर्मचारियों को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ देने, वेतन-भत्तों सहित अन्य परिलाभों के भुगतान व कॉन्ट्रेक्ट पर रखे कर्मचारियों को दिये जा रहे वेतन-भत्तो, कटौती आदि के संबंध में मॉनिटरिंग करने के संबंध में दिशा निर्देश प्रदान किए। बैठक के दौरान अंजना पंवार ने कहा कि क्षेत्र के विकास में सफाई कर्मियों का योगदान महत्त्वपूर्ण होता है। उनके द्वारा किए गए सफाई से ना केवल वातावरण साफ होता है, बल्कि कई तरह की बीमारियों से भी हम सभी सुरक्षित रह पाते हैं। हम सभी को जरूरत है कि उनके लिए कुछ करें। सफाई कर्मियों ने कोरोना जैसी विषम परिस्थिति में भी पूरी ईमानदारी के साथ अपने कार्य का निर्वहन किया, वह बेहद सराहनीय है। सरकार द्वारा सफाई कर्मियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। साथ ही उन्हें विभिन्न सुविधाएं भी सरकार द्वारा दी जा रही है, लेकिन जागरुकता के अभाव में अभी भी बड़ी संख्या में सफाई कर्मी लाभ से वंचित हैं। इसके लिए विशेष शिविरों का आयोजन कर विभागीय योजनाओं का प्रचार प्रसार के माध्यम से इन्हें इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलवाये जाने के लिए हमें प्रयास करने चाहिए। इससे पूर्व समीक्षा बैठक में नगरपरिषद आयुक्त श्री हेमाराम चौधरी ने समस्त विभागीय योजनाओं को पीपीटी स्लाईड शो के माध्यम से जानकारी दी। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 अरूण गोड़, अति0 सीएमएचओ डॉ0 सीपी गोस्वामी, महिला व बाल विकास, समाज कल्याण, सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग, श्रम विभाग, नगरपरिषद व नगरपालिकाओं के पदाधिकारियों सहित सफाई कर्मचारी/यूनियन के पदाधिकारी मौजूद थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!