आवश्यक सेवाओं से संबंधित समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न
झालावाड़ । जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आवश्यक सेवाओं से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने आवश्यक सेवाओं से संबधित चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, बजट घोषणाओं के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को जिले में निर्बाध रूप से स्वच्छ जल की आपूर्ति के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पाइप लाईन डालने एवं मरम्मत कार्य के लिए रोड कटिंग करने के पश्चात् रोड़ मरम्मत के कार्य को तुरन्त सुचारू रूप से करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अन्तर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश भी दिए।]
बैठक के दौरान उन्होंने मौजूद सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभाग के अन्तर्गत बजट घोषणाओं से संबंधित चल रहे निर्माण कार्यों में प्रगति लाएं और निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग, आरएसआरडीसी एवं रिडकोर के अन्तर्गत संचालित परियोजनाओं एवं सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई और उन्हें तय समय सीमा में निर्धारित गुणवत्ता मानकों को ध्यान में रखते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर बी तिवारी, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता आर के मीना, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता परियोजना दीपक झा, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता एम.के. गोयल, आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक मनोज माथुर, रिडकोर के परियोजना निदेशक अमित गर्ग, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन, रोडवेज के मुख्य प्रबंधक अतुल यादव, खनिज विभाग के सहायक लेखाधिकारी यशपाल चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।