ऋषिकेश/जयपुर: समरसता के नायक तैयार करेगा आरोहण शिविर’
ऋषिकेश/जयपुर। समाज के सभी वर्गों को जोड़कर जातिगत जकड़न तोड़ने और शिक्षा, संस्कार व रोजगार के माध्यम से सशक्त समाज निर्माण के उद्देश्य से विप्र फाउंडेशन ने ऋषिकेश में दो दिवसीय आरोहण नायक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। शिविर में देशभर से चयनित 500 कार्यकर्ताओं को नेतृत्व, संगठन क्षमता और सामाजिक दायित्वों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में फाउंडेशन के संस्थापक सुशील ओझा ने कहा कि अनुशासन, प्रशिक्षण और उद्देश्यबोध से ही सशक्त नेतृत्व का उदय होता है। उन्होंने संगठन के बीस सूत्री कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए शिक्षा, रोजगार और स्वावलंबन को समाजोत्थान का आधार बताया। मुख्य संरक्षक सत्यनारायण शर्मा ने सर्व समाज को साथ लेकर चलने पर बल दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम गुरुजी ने नायक निर्माण को समय की आवश्यकता बताया। विभिन्न सत्रों में संगठन, मीडिया, अर्थनीति और प्रकल्पों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। दूसरे दिन जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरिजी महाराज के शुभाशीष प्रस्तावित हैं।