आरएलपी का किसान सम्मेलन आज जुरहरा में
भरतपुर/ चुनाव की रणभेरी बजते ही राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने अपनी कमर कस ली है और जगह जगह किसान सम्मेलन की शुरुआत कर अपने वोटों को एकजुट करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी संदर्भ में कामां विधानसभा के किसानों का एक सम्मेलन संयोजक चौधरी आस मोहम्मद द्वारा किया जा रहा है। पार्टी जिलाध्यक्ष मनुदेव सिनसिनी ने बताया कि उनकी नजरें हर सीट पर टिकी हुई हैं और विरोधी पार्टियों द्वारा टिकटों की घोषणा करने के बाद आरएलपी पार्टी की जीत हेतु सभी राजनीतिक समीकरणों को देखकर उम्मीदवारों को टिकट देने की योजना पर कार्य चल रहा है।
मनुदेव सिनसिनी ने बताया कि इसी क्रम में हर विधानसभा में संयोजक नियुक्त किए जा चुके हैं और संभावित प्रत्याशियों से संपर्क साधा जा रहा है। जल्द ही पार्टी नेतृत्व अपनी पहली लिस्ट जारी कर राजस्थान की राजनीति में धमाका करेगा। उन्होंने बताया कि इस बार किसान के बेटे को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाना उनका लक्ष्य रहेगा। ताकि किसान हित में नीतियां बनाकर किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए। कामां विधानसभा में आज होने वाली सभा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य योगेश फौजदार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप हंतरा, संजय वैर,जवाहर सिंह, बृजमोहन पहलवान थेरावार, कुलदीप पाराशर, महेश नदबई, यदुनाथ सिंह, राजेंद्र टोनी सहित पार्टी के समस्त पदाधिकारीगण मौजूद रहेंगे।