रोडवेज बस और बाइक में हुई टक्कर, बाइक सवार की मौत, दोनों वाहनों में लगी आग
भीलवाड़ा : कोटड़ी पुलिस के अनुसार, जयपुर-सांवरियाजी रोडवेज बस बुधवार दोपहर कोटड़ी से भीलवाड़ा के लिए रवाना होकर हाथी भाटा के पास पहुंची थी कि अचानक भीलवाड़ा की ओर से आया बाइक सवार रोडवेज में जा घुसा। बाइक सवार उछल कर सड़क पर जा गिरा, जबकि बाइक बस के नीचे फंस कर घसीटते हुई गई। बस का पिछला टायर फिर से बाइक सवार युवक के ऊपर से गुजरने की वजह से बाइक सवार की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं बस में भी आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे, जिनमे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि सभी यात्रियों के साथ ही चालक गोविंद नारायण व खलासी लक्ष्मण सुरक्षित बचकर बाहर निकल आये, जिससे एक बड़ी घटना घटित होने से बच गई। उधर सूचना मिलने पर कोटड़ी थाना प्रभारी खींवराज व दीवान शरीफ मोहम्मद मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, जिसकी पहचान के प्रयास कर रहे हैं। वहीं यात्रियों को अन्य साधनों से रवाना किया । पुलिस ने आशंका जताई है कि बाइक गैस चलित हो सकती है इस वजह से बाइक में आग लगने से उसने बस को भी अपनी चपेट में ले लिया ।