Dark Mode
आरपीएससी कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा शुरू, केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा

आरपीएससी कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा शुरू, केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित कनिष्ठ विधि अधिकारी भर्ती परीक्षा-2025 रविवार से शुरू हो गई। दो दिवसीय परीक्षा के लिए जयपुर जिले में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 13,245 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग और जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

परीक्षा के पहले दिन आरपीएससी के कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने झोटवाड़ा, गांधी नगर, गंगौरी बाजार और माणक चौक स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत कमी सामने आने पर उसे तुरंत दूर किया जा सके। उनका कहना था कि आयोग का लक्ष्य प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल उपलब्ध कराना है।

वहीं, आयोग की संयुक्त सचिव ऋषिबाला श्रीमाली ने भी जयपुर के अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा की प्रभावी निगरानी के लिए विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इनमें राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस), पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षा संबंधी शिकायतों और सूचनाओं के लिए जिला कलक्टर कार्यालय के कक्ष संख्या 116 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह 26 और 27 जुलाई को सुबह 7 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक संचालित रहेगा। साथ ही अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचें, जबकि परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!