ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, हर ग्राम पंचायत पहुंचेगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
भीलवाड़ा। राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं एवं त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु ग्राम रथ अभियान (एलईडी रथों) के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाई जाएंगी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा जिला प्रशासन एवं पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम रथ अभियान जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचेगा। ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 28 अप्रैल को विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि द्वारा एलईडी रथों को हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है। रथों के व्यवस्थित संचालन एवं मॉनिटरिंग हेतु जिला स्तर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगे तथा विधानसभा-वार संबंधित उपखंड अधिकारी उस विधानसभा क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में एलईडी रथों के अंतिम ठहराव स्थल पर प्रतिदिन संध्या चौपाल एवं कला जत्था कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत स्थानीय लोक कलाकारों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सूचना पर आधारित नाटकों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल सके।