ग्रामीण विकास सचिव मंजू राजपाल पहुंचीं उदयपुर
बड़गांव में महंगाई राहत कैम्प एवं प्रशासन गावों के संग अभियान का किया निरीक्षण
उदयपुर । ग्रामीण विकास विभाग की सचिव मंजू राजपाल ने शुक्रवार को उदयपुर जिले की यात्रा पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने बड़गांव व वरड़ा में आयोजित महंगाई राहत कैम्प का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए।
आज सुबह बड़गांव पंचायत समिति मुख्यालय पर आयोजित शिविर में पहुंचीं राजपाल ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों को राज्य सरकार के महंगाई राहत कैम्प, प्रशासन गांवों व शहरों के संग अभियान कार्यक्रम में दिए जा रहे लाभों व राहत की जानकारी दी और इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कैंप स्थल पर लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की और कहा कि राज्य सरकार की मंशाओं के अनुरूप कैंप में पहुंचने वाले हर व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिया जाए। इस अवसर पर उन्होंने यहां पहुंचे लाभार्थियों से संवाद किया और उनको मिली राहत के बारे में जानकारी ली। मौके पर पात्र लाभार्थियों को उन्होंने मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड भी सौंपे। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक मनीष ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बारे में राजपाल को अवगत कराया। इस अवसर पर विकास अधिकारी नरेन्द्र सिंह झाला, सहायक अभियन्ता निशा अग्रवाल, पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास, बड़गांव सरपंच संजय शर्मा, समाजसेवी हेमन्त श्रीमाली आदि उपस्थित रहे।
वरड़ा कैप का भी लिया जायजा:
उदयपुर दौरे के तहत सचिव राजपाल बड़गांव ब्लॉक के वरड़ा गांव पहुंची और यहां प्रशासन गांवों के संग अभियान एवं अस्थाई महंगाई राहत कैम्प का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी विवेक कटारा व जिला परिषद सीईओ मयंक मनीष भी साथ रहे। इस दौरान उन्होंने वहां कैम्प प्रभारी व उपखण्ड अधिकारी रमेशचन्द्र बहेडिया व तहसीलदार सुरेन्द्र विश्नोई से शिविर की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की और वहां लगी विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण करते हुए जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और सरकार के इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए इन शिविरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। सचिव राजपाल ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।सरपंच दुले सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।