Dark Mode
यूक्रेन पर रूसी हमले तेज, ड्रोन अटैक में दो की मौत

यूक्रेन पर रूसी हमले तेज, ड्रोन अटैक में दो की मौत

 

कीव। यूक्रेन में रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले लगातार जारी हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि बुधवार सुबह राजधानी कीव में एक रूसी ड्रोन ने बहुमंजिला रिहायशी इमारत को निशाना बनाया। हमले में चार लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा और इमारत में लगी आग पर काबू पा लिया गया।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हमले की जानकारी साझा करते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि हमले के कारण प्रभावित लोगों को सहायता पहुंचाई जा रही है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संबंधित एजेंसियां काम कर रही हैं।

इससे पहले रातभर ओडेसा क्षेत्र में मोल्दोवा सीमा के पास स्थित 'स्टारोकोजाचे' अंतरराष्ट्रीय सीमा चौकी को भी निशाना बनाया गया। जेलेंस्की के अनुसार, हमले के बाद चौकी का संचालन फिलहाल रोक दिया गया है। इस घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। बचावकर्मियों ने 16 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि रूस के हमलों से निपटने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बचाव एवं राहत अभियान चल रहे हैं। निप्रो, मायकोलाइव, जापोरिज्जिया, खार्किव, जाइटॉमिर और कीव ओब्लास्ट में भी नुकसान के बाद स्थिति सामान्य करने का काम जारी है।

जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रिया को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर लगभग रोजाना हमले हो रहे हैं और इन घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है। उनके मुताबिक रूस को इन हमलों के लिए जवाबदेह ठहराना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि रूसी आक्रामकता को रोकने के लिए अभी प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि संघर्ष आगे न फैल सके। जेलेंस्की ने यह भी चेतावनी दी कि मॉस्को को यह नहीं मानना चाहिए कि मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए डर पैदा करने के बावजूद उसे किसी परिणाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने सहयोगी देशों से मिल रही मदद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो देश यूक्रेन की सहायता करने की स्थिति में हैं, वे जानते हैं कि मौजूदा परिस्थितियों में किस तरह के सहयोग की जरूरत है। जेलेंस्की ने अपनी क्षमता के अनुसार यूक्रेन की मदद कर रहे सभी देशों और लोगों का आभार जताया।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!