केमुनिया गांव की बदहाल तस्वीर, दशकों बाद ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित
गंगापुर भीलवाडा। देश के ग्रामीण विकास की बदहाल तस्वीर देखनी है तो सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के रायपुर पंचायत समिति के केमुनिया गांव में चले आइए आपको ख़ुद अंदाजा लग जायेगा कि ग्रामीण विकास के दावे करने वाले जनप्रतिनिधियो के दावे किस कदर खोखले साबित होते हुए नजर आ रहे हैं। आजादी के दशकों बाद भी केमुनिया गांव के वाशिंदे गांव की दुर्दशा पर आसूं बहा रहे हैं। गांव में नालिया और रोड जगह जगह पर टूटे हुए है। ऐसे मार्ग से गुजरने में न सिर्फ ग्रामीण हर दिन परेशानी झेलने को मजबूर है बल्कि स्कूली बच्चों को शिक्षा पाने के लिए गंदगी से जाना मजबूरी बन चुका है। केमुनिया गांव की यह बदहाल तस्वीर सरकार के स्वच्छ भारत मिशन की पोल खोलने के लिए बानगी भर है। ग्रामीणों ने अनेक मर्तबा इन समस्याओं के लिए जनप्रतिनिधियों के समक्ष गुहार लगाई लेकिन आज तक किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है।