साईं सुदर्शन का धमाका, भारत-ए ने बनाई 175 रन की मजबूत बढ़त
गाले। साईं सुदर्शन की बेहतरीन शतकीय पारी की बदौलत भारत-ए ने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच में मजबूत स्थिति बना ली है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत-ए ने आठ विकेट पर 541 रन बना लिए हैं और उसे पहली पारी के आधार पर 175 रन की अहम बढ़त मिल चुकी है।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका-ए की टीम ने पहली पारी में 366 रन बनाए थे। टीम के लिए कप्तान सहान अराच्चिगे ने शानदार 127 रन की पारी खेली, जबकि अंजला बंडारा ने 42 और नुवानिदु फर्नांडो ने 44 रन का योगदान दिया।
भारतीय गेंदबाजों में गुरनूर बरार और सारांश जैन ने चार-चार विकेट लेकर श्रीलंकाई पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। वहीं यश ठाकुर के खाते में दो विकेट आए।
जवाब में भारत-ए की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन और अमन मोखाड़े ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। अमन के आउट होने के बाद सुदर्शन ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 182 रन की बड़ी साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
पड्डिकल अपने शतक से चूक गए और 94 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सुदर्शन ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 22 चौकों की मदद से 168 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने भारत-ए को पहली पारी में बढ़त दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
मध्यक्रम में कप्तान ध्रुव जुरेल ने 53 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि शेख रशीद ने 45 और सारांश जैन ने 30 रन का योगदान दिया। ऋतुराज गायकवाड़ 13 रन बनाकर चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए।
श्रीलंका-ए की ओर से केशरा नुवानथा ने चार विकेट झटके, जबकि दिलुम सुदीरा को तीन सफलताएं मिलीं।
तीसरे दिन के अंत तक भारत-ए पूरी तरह मुकाबले पर हावी नजर आया और अब उसकी कोशिश चौथे दिन बड़ी बढ़त हासिल कर श्रीलंका-ए पर दबाव बढ़ाने की होगी।