Dark Mode
बेंगलुरू में SAIF Football Championship में हिस्सा लेगा पाकिस्तान

बेंगलुरू में SAIF Football Championship में हिस्सा लेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान ने जून-जुलाई में बेंगलुरू में होने वाली दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (सैफ) चैंपियनशिप में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) को पड़ोसी देश के खिलाड़ियों के भारत की यात्रा पर आने में कोई समस्या नजर नहीं आती। इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में लेबनान और कुवैत की टीम भी हिस्सा लेंगी क्योंकि सैफ कार्यकारी समिति ने चैंपियनशिप को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए मार्च में फैसला किया था कि दक्षिण एशियाई क्षेत्र से बाहर की टीमों को भी टूर्नामेंट में खिलाया जाएगा।


एआईएफएफ के महासचिव शाजी प्रभाकरन ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमें पाकिस्तान के खिलाड़ियों के सैफ चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए भारत आने में कोई समस्या नजर नहीं आती।’’ प्रभाकरन से पूछा गया था कि दोनों देश के बीच राजनीतिक तनाव को देखते हुए क्या पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा जारी करने में कोई समस्या आ सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि भारत की ब्रिज टीम ने हाल में पाकिस्तान में क्षेत्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और हमें उनके (पाकिस्तान) प्रतिनिधित्व में कोई आशंका नजर नहीं आती।’’

आठ देशों के इस टूर्नामेंट का आयोजन 21 जून से चार जुलाई तक बेंगलुरू में किया जाएगा। मेजबान भारत के अलावा लेबनान, कुवैत, पाकिस्तान, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और मालदीव इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। श्रीलंका टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा क्योंकि वैश्विक संचालन संस्था फीफा ने उसे निलंबित किया है। अफगानिस्तान कुछ साल पहले सैफ को छोड़कर मध्य एशियाई फुटबॉल महासंघ से जुड़ गया था। पाकिस्तान ने 1993 से अब तक हुए 13 टूर्नामेंट में से दो में हिस्सा नहीं लिया है।

पाकिस्तान फुटबॉल महासंघ ने 2015 में भारत में हुए टूर्नामेंट के लिए आंतरिक कारणों से अपनी टीम नहीं भेजी थी। इसके अलावा देश 2021 टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाया था क्योंकि फीफा ने उसे निलंबित किया था। यह निलंबन पिछले साल हटाया गया। प्रभाकरन ने कहा कि कुवैत और लेबनान सहित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले सभी देश अपनी सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय टीम भेजेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हां, लेबनान और कुवैत सहित सभी प्रतिस्पर्धी देश अपनी शीर्ष राष्ट्रीय टीम भेजेंगे।’’ भारत ने इस क्षेत्रीय टूर्नामेंट को रिकॉर्ड आठ बार जीता है। गत चैंपियन मालदीव ने दो बार जबकि अफगानिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका ने एक-एक बार खिताब अपने नाम किया। भारत चौथी बार टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। टूर्नामेंट का ड्रॉ बुधवार को यहां होगा।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!