अधीरा के बाद फिर दिखेगा संजय दत्त का खूंखार अवतार
हिन्दी सिनेमा के ख्यातनाम नायकों में शुमार रहे संजय दत्त पिछले कुछ समय से लगातार खलनायक के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करते आ रहे हैं। फिल्म कथाकार उनके लिए लार्जर दैन लाइफ किरदार को संरचना करने में लगे हैं। गत वर्ष अधीरा के रूप में दर्शकों पर अपना प्रभाव छोडऩे वाले संजय दत्त अब एक बार फिर से तमिल फिल्म में अपना जलवा बिखेरने जा रहे हैं।
हाल ही में संजय दत्त ने लोकेश कनकराज के निर्देशन में बन रही तमिल सुपरस्टार थलापति विजय की फिल्म लियो की शूटिंग को कश्मीर में शुरू किया है। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म के बारे में कहा जा रहा है कि संजय दत्त की भूमिका को लम्बे समय तक दर्शक याद करेंगे। मास्टर और विक्रम के बाद लोकेश कनगराज की यह फिल्म भी एक पैन इंडिया रिलीज ही होगी। जिसके लिए मुख्य विलेन के रोल में मेकर्स ने बॉलीवुड स्टार संजय दत्त को साइन किया है। केजीएफ 2 के बाद अधीरा के बाद एक बार फिर संजय दत्त का ऑन स्क्रीन खूंखार रूप दिखेगा। संजय दत्त और थलापति विजय के बीच फिल्म में धमाकेदार टक्कर देखने को मिलेगी। इस टफ किरदार के लिए संजय दत्त काफी दिनों से जमकर वर्कआउट कर रहे थे। जिसके वीडियोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
अब संजय दत्त बैडी के इस किरदार के लिए पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। फिल्म स्टार ने निर्देशक लोकेश कनगराज की फिल्म लियो के सेट को आज ज्वाइन कर लिया है। जहां बॉलीवुड स्टार का ग्रैंड वेलकम हुआ। इसकी जानकारी निर्माताओं ने खुद एक वीडियो जारी करके दी है। वीडियो में संजय दत्त सेट पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों से प्यार भरा वेलकम पाते दिखे।
इस वर्ष की शुरूआत में थलापति विजय बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर वारिसु दे चुके हैं। इस पारिवारिक ड्रामा को दर्शकों ने बहुत पसन्द किया था। यह फिल्म न सिर्फ दक्षिण भारत में अपितु उत्तर भारत के दर्शकों को भी अपने साथ जोडऩे में कामयाब हुई थी। इस फिल्म की सफलता के बाद से ही यह माना जा रहा है कि थलापति विजय की लियो को उत्तर भारत में सफलता मिले इसी के लिए संजय दत्त को मुख्य खलनायक के रूप में लिया गया है। वैसे भी संजय दत्त ने अधीरा के रूप में दक्षिण भारत के निर्देशकों को सर्वाधिक प्रभावित किया है। वहाँ के निर्देशक लम्बे समय से किसी ऐसे अभिनेता की तलाश में थे जो दक्षिण के साथ-साथ उत्तर भारत में अपना वर्चस्व साबित कर सके। संजय दत्त ऐसे ही अभिनेता है। दर्शक उन्हें खलपात्र में कुछ ज्यादा पसन्द करते हैं।
लियो में 14 साल के लम्बे अन्तराल के बाद थलापति विजय संग अभिनेत्री तृषा कृष्णन दिखाई देंगी। तृषा कृष्णन पिछली मर्तबा मणि रत्नम की फिल्म पोन्नियन सेल्वन-1 में दिखाई दी थी। इस फिल्म में उनके ऐश्वर्या राय बच्चन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। खूबसूरती के मामले में तृषा कृष्णन ऐश्वर्या राय से कम नहीं हैं। ऐसे में अब दर्शकों को तृषा इस वर्ष दो फिल्मों में दिखाई देंगी। पोन्नियन सेल्वन का दूसरा भाग 28 अप्रैल को प्रदर्शित होने जा रहा है और लियो के बारे में कहा जा रहा है कि यह सम्भवत: इस वर्ष के अन्त तक प्रदर्शित हो जाएगी।