सवाई माधोपुर; शिविरों में अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से करें लाभांवित : जिला कलक्टर
सहमति से बटवारे में तसीलदारों एवं फार्मर रजिस्ट्री के मामलों पटवारियों को मिलेंगे नोटिस
सवाई माधोपुर। शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के सफल संचालन, सम्पर्क पोर्टल, विकास कार्यो एवं बिजली सहित आवश्यक सेवाओं की की स्थिति पर साप्तहिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने बैठक में सेवा शिविरों की प्रगति समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को पात्रतानुसार अधिक से अधिक लोगों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करने के निर्देश प्रदान किए है। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी, तहसीलदार आपसी सहमति से विभाजन के पश्चात प्रकरणों का पोर्टल पर अपलोड करें
। साथ ही उन्होंने प्रत्येक मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविरों से पूर्व प्री-कैम्प का आयोजन कर ग्रामीणों से उनकी पात्रता अनुसार योजनाओं में आवेदन करवाने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्रदान कर जागरूक करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर फार्मर रजिस्ट्री एवं पीएम किसान के शेष लाभार्थियों से कृषि पर्यवेक्षक और पटवारियों के माध्यम से व्यक्तिगत सम्पर्क कर शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करवाने के निर्देश सभी तहसीलदार को दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन पटवारियों की फार्मर रजिस्ट्री न्यूनतम है उन्हें कारण बताओं नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने सेवा शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा नाम शुद्धिकरण, फार्मर रजिस्ट्री एवं सहमति से बटवारे में न्यूनतम प्रगति वाले तहसीलदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना के तहत श्रमिकों का सर्वे करवाकर 41 से 45 वर्ष के श्रमिकों का आवेदन करवाने के निर्देश दिए है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत आवास योजनाओं में सर्वे के पश्चात शौचालय विहीन घरों में तत्काल शौचालय स्वीकृत करने के निर्देश सभी विकास अधिकारियों को प्रदान किए गए। दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए विशेष शिविरों से पूर्व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, पटवारी के माध्यम से सूची अनुसार दिव्यांगजनों से सम्पर्क कर शत-प्रतिशत यूडीआईडी कार्ड बनवाने के निर्देश सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी एवं समस्त उपखण्ड अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने सभी दिव्यांगजनों से अपील करते हुए कहा कि सभी दिव्यांगजन शिविरों में पहुंचकर अपने लंबित यूडीआईडी कार्ड बनवाये। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों हेतु ब्लॉकवार विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे दिव्यांगजनों को जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। भविष्य में भी समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजन पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने शिविरों के दौरान नवीन पालनहारों के चिन्हिकरण पश्चात सभी आवश्यक दस्तावेज बनवाकर मौके पर ही शत-प्रतिशत आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त उपखण्ड अधिकारियों को प्रदान किए। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरि सिंह मीना, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार राकेश कुमार अटल, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा, पीएमओ डॉ. तेजराम मीना सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।