सवाई माधोपुर: दिव्यांगजन के लिए ब्लॉक स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, तुरंत बनेगा यूनिक डिसेबिलिटी आईडी कार्ड
जिला कलक्टर ने दिव्यांगजनों से की अपील - नजदीकी शिविर में पहुंचकर कराएं समस्याओं का समाधान
सवाई माधोपुर। जिला कलक्टर काना राम के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए ब्लॉकवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र दिव्यांग व्यक्तियों का असेसमेंट हेतु सूचीबद्ध दिव्यांगजनों को शिविरों में बुलायाकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करना और ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड तुरंत उपलब्ध कराना है। आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को निर्देश दिए हैं कि वे घर-घर जाकर दिव्यांग व्यक्तियों को शिविरों की जानकारी दें ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रह जाए। यहां आयोजित होंगे शिविर :- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉं. अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि 29 सितम्बर एवं 1 अक्टूबर को बामनवास एवं बौंली, 3 एवं 4 अक्टूबर को चौथ का बरवाड़ा एवं वजीरपुर तथा 6 एवं 7 अक्टूबर को खंडार एवं मलारना डूंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा जिला अस्पताल सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी में प्रतिदिन विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पीएमओ गंगापुर सिटी एवं पीएमओ सवाई माधोपुर के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें कार्य करेंगी, जिनमें हड्डी रोग, नेत्र रोग एवं ईएनटी विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। जिला कलक्टर काना राम ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे नजदीकी शिदिव्यांगजनो शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजन अपनी पहचान से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं व सुविधाओं से भी लाभान्वित होंगे।