सवाई माधोपुर: राज्य स्तरीय नेटबॉल 17/19 वर्ष छात्रा वर्ग की क्रीडा प्रतियोगिता का शुभारंभ 30 सितंबर को, आवश्यक सभी तैयारियां पूरी, सभी के सहयोग से सफल आयोजन का संकल्प
सवाई माधोपुर। 69 वीं राज्य स्तरीय नेटबाल 17 एवं 19 वर्ष छात्रा वर्ग क्रीडा प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक राबाउमावि मानटाउन सवाई माधोपुर के संयोजन में होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ समारोह 30 सितंबर को सुबह साढे 9 बजे पुलिस लाइन मैदान में होगा। समारेह के मुख्य अतिथि डॉ. किरोडी लाल मीणा कृषि मंत्री राजस्थान सरकार एवं अध्यक्षता जिला कलेक्टर कानाराम द्वारा की जाएगी। सोमवार को प्रतियोगिता आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा किया गया। सोमवार को सुबह 7 बजे से ही प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से खिलाडियों के दल सवाई माधोपुर पहुंचने लगे। यह क्रम दिन भर चला। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य राबाउमावि मानटाउन कल्पना शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आने वाली टीमों को आयोजन स्थल एवं निर्धारित आवास स्थल पर पहुंचाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र बनाया गया है। आयोजन स्थल पर टीमों के पंजीयन के लिए संभागवार बनाए गए काउंटर पर रजिस्ट्रेशन करवाया। टीमों के लिए बनाए गए आवास स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरकेश लाल मीणा एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली एवं प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश प्रदान किये। सभी आवास स्थलों का जायजा अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार मीणा ने लिया एवं प्रभारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये। प्रतियोगिता से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं पूछताछ के लिए चौबीस घंटे कार्य करने वाले कंट्रोल रूम का गठन किया गया है जो प्रतियोगिता समापन तक कार्य करेगा। प्रतियोगिता आयोजन स्थल पुलिस लाइन ग्राउंड पर शारीरिक शिक्षकों की टीम द्वारा कुल छह ग्राउंड तैयार किये गये एवं सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी के सहयोग से प्रतियोगिता के सफल आयोजन का संकल्प व्यक्त करते हुए कार्या को अंतिम रूप दिया गया है।