सवाई माधोपुर: 65 वर्षीय मुना बेगम को मिली वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति
सवाई माधोपुर। ग्रामीण सेवा शिविर थड़ी निवासी 65 वर्षीय मुना बेगम के लिए लाभकारी सिद्ध हुआ। मुना बेगम को जब उनके गांव की पड़ौसियों ने बताया कि आज उनकी पंचायत समिति बौंली की ग्राम पंचायत झनून में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, तो मुना बेगम अपने दस्तावेज लेकर शिविर में उपखण्ड अधिकारी बौंली चन्द्र प्रकाश वर्मा के समक्ष पहुंची और अपनी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने का आवेदन किया। उपखण्ड अधिकारी ने मौके पर ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के शाहबाज आलम शिर्वानी को मुना बेगम को पेंशन योजना से लाभांवित करने हेतु निर्देशित किया। आवेदन प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारी द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदन को स्वीकृत कर पेंशन स्वीकृति जारी की गई, जिससे मुना बेगम अत्यंत प्रसन्न और उत्साहित नजर आई। उन्होंने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।