सवाई माधोपुर: नालसा जागृति और डॉन योजना के संबंध में कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आयोजित
सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार सोमवार को एडीआर सेंटर सवाई माधोपुर में नालसा द्वारा संचालित जागृति (जस्टिस अवेयरनेस फॉर ग्रासरूट रूरल इनफॉर्मेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इनीशिएटिव) स्कीम 2025 एवं डॉन (ड्रग अवेयरनेस एंड वैलनेस नेविगेशन- फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया) स्कीम 2025 के संबंध में कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव समीक्षा गौतम ने कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम में शामिल पैनल अधिवक्ताओं, अधिकार मित्रों एवं विभिन्न विभागों से उपस्थित प्रतिनिधिगण को बताया कि नालसा द्वारा जागृति (जस्टिस अवेयरनेस फॉर ग्रासरूट रूरल इनफॉर्मेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इनीशिएटिव) स्कीम 2025 नामक योजना का उद्देश्य विधिक जागरूकता को संस्थागत बनाना, समाज के कमजोर वर्ग के लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, विधिक सहायता सेवाओं की पहुंच को अधिकतम कर उनका डेटाबेस बनाना और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत जिले में जिला जागृति इकाई और तालुका गंगापुर सिटी, खंडार, बौंली एवं बामनवास में तालुका जागृति इकाई का गठन किया गया है। साथ ही नालसा द्वारा संचालित डॉन (ड्रग अवेयरनेस एंड वैलनेस नेविगेशन- फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया) स्कीम 2025 योजना के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य विशेष इकाइयों के गठन से संस्थागत और विधिक सेवा ढांचे को मजबूत करना, शिक्षा के माध्यम से नशीली दवाओं के दुरुपयोग को खत्म कर जागरूकता पैदा करना, विधिक सेवाओं को सुनिश्चित करना, नशा पीड़ितों के पुनर्वास और पुनएर्कीकरण की प्रक्रिया में सुविधा प्रदाता के रूप में कार्य करना है। इस दौरान सचिव समीक्षा गौतम द्वारा यूनिट के सदस्यों द्वारा किये गये कार्यों का मूल्यांकन किया गया। कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम में मनोचिकित्सक गौरव चन्द्रवंशी ने मादक पदार्थो के सेवन से होने वाले नुकसानों एवं उन नुकसानों से बचाव के उपायों के बारे में बताया गया। साथ ही पैनल अधिवक्ता अभय कुमार गुप्ता, सहायक नगर नियोजक माणिकचन्द द्वारा भी नशे के दुष्परिणामों, मादक पदार्थों की तस्करी एवं उसकी रोकथाम, मादक पदार्थों के सेवन से दूरी बनाने के उपायों, चाइल्ड हेल्पलाईन 1098, नालसा हेल्पलाईन नंबर 15100 आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।